- झांसी की रहने वाली थी छात्रा, पिता छत्तीसगढ़ में रेलवे कर्मी

- मोबाइल से पुलिस सुसाइड की वजह जानने की कर रही है कोशिश

KANPUR : नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने देर रात हॉस्टल में फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर हॉस्टल संचालक ने खिड़की से झांक कर देखा तो छात्रा का शव फांसी पर लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला और झांसी निवासी परिजनों को जानकारी दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आत्महत्या की बात सामने आई है। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल कब्जे में लेकर सुसाइड की वजह तलाशनी शुरू कर दी है।

शारदा नगर में रहकर

झांसी के लालपुरा नवावाद निवासी उत्तम चंद्र वर्मा रेलवे में काम करते हैं। उनकी पोस्टिंग इन दिनों छत्तीसगढ़ में है। परिवार में पत्नी गोमती देवी, दो बेटे और दो बेटियां थीं। तीसरे नंबर की बेटी 24 साल की कीर्ति वर्मा कल्याणपुर के शारदा नगर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। परिवार वाले कीर्ति के लिए लड़का देख रहे थे, लेकिन वह अपने पैरों पर खड़ा होकर परिवार का सहारा बनना चाहती थी। कीर्ति शारदा नगर में रविंद्र शर्मा के हॉस्टल में रहती थी। रविंद्र ने पुलिस को बताया कि सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर खिड़की से देखा तो कीर्ति का शव लटका हुआ था। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि सुसाइड की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पढ़ाई का दबाव या िडप्रेशन

परिजनों की माने तो कीर्ति हंसमुख लड़की थी। उसकी खुदकुशी की वजह परिवार वालों और रिश्तेदारों के गले नहीं उतर रही है। परिवार वाले उसके लिए लड़का देख रहे थे। इससे भी उसे कोई परेशानी नहीं थी। बस परिजनों से इतना ही कहा था कि पहले वह नीट का एग्जाम क्वालीफाई कर ले, उसके बाद शादी करेगी। ऐसे हालातों में आत्महत्या की वजह या तो पढ़ाई का दबाव हो सकती है या डिप्रेशन। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।

फैक्ट्री कर्मी ने लगाई फांसी

फजलगंज थाना क्षेत्र की नसीमाबाद कॉलोनी निवासी फैक्ट्री कर्मी मंगल सिंह ने देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। उस वक्त पूरा परिवार झांसी में एक शादी समारोह में गया था। रात में जब चाचा मान सिंह घर पहुंचे तो घटना का पता चला। मंगल सिंह फजलगंज की एक बॉयलर फैक्ट्री में नौकरी करता था। उसके पिता चंद्रिका प्रसाद का काफी पहले निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां शांति देवी, पत्नी शिप्रा व छोटा भाई रवि है। शिप्रा से लॉकडाउन के दौरान जून में ही उसकी शादी हुई थी। फजलगंज थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि फ्राइडे को मंगल के रिश्ते के भतीजे की झांसी में शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए उसकी मां, पत्नी व भाई गए थे। देर शाम मंगल ड्यूटी से लौटा और अपने कमरे में जाकर लेट गया। रात में जब उसके चाचा मान सिंह खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो उन्होंने कमरे में मंगल का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका देखा।