कानपुर (ब्यूरो) संडे को सुबह से ही शहर में झमाझम बरसात हुई। साउथ सिटी से लेकर शहर की सड़कों तक पानी भर गया। साउथ सिटी में यशोदा नगर, किदवई नगर, गोविंद नगर, दादा नगर, साकेत नगर, बारादेवी और जूही डिपो का एरिया लबालब हो गया। वहीं बाबूपुरवा, ट्रांसपोर्ट नगर, नया पुल, टाटमिल, ढकनापुरवा और मुंशीपुरवा की गलियां भी तालाब बन गईं। यहां घरों के अंदर तक पानी भर गया था। वीआईपी रोड पर जलभराव की वजह से काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही।

हर एरिया में
बिरहाना रोड, फीलखाना, नील वाली गली, कुरसवां, लाटूश रोड, मूलगंज, बादशाही नाका और नयागंज भी जलमग्न दिखाई दिया। हूलागंज समेत सिटी की तमाम गलियां भी पानी में डूबी रहीं। घंटों बाद पानी निकला तो लोग घरों से निकले। वहीं चकेरी के घाऊखेड़ा में भी जलभराव रहा। जाजमऊ की गलियों से लेकर सिद्धनाथ घाट तक पानी ही पानी दिखाई दिया। सनिगवां और गद्दियाने की गलियों में भी पानी भरा दिखाई दिया। सचेंडी से रामादेवी तक फ्लाईओवर पर भी बारिश की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी दिखाई दी।

रेनी डे किया एन्ज्वाय
सुबह से ही बारिश का मौसम बनने लगा था। लोग देरी से जब तक सोकर उठे बारिश शुरू हो चुकी थी। संडे की वजह से ऑफिस और स्कूल बंद थे, लिहाजा लोगों ने रेनी संडे का एन्ज्वाय घर पर रहकर ही किया। एक घंटे की झमाझम बारिश में शहर की सड़कें और गलियां तालाब बन गईं। इस नजारे को देखने के लिए लोग घरों के बाहर बॉल्कनी में खड़े दिखाई दिए।

ट्रेनों की थमी रफ्तार
सुबह हुई बारिश की वजह से रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया। ट्रेनों की लेटलतीफी की वजह से रेलयात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बस अड्डे पर भी बारिश का पानी भरा दिखाई दिया। जिससे रोडवेज पैसेंजर्स को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।