-बिल्हौर में बरात की अगवानी के दौरान लड़की के चचेरे भाई की गोली लगने से मौत

>kanpur@inext.co.in

KANPUR : बिल्हौर में सैटरडे की रात शादी समारोह की खुशियों के बीच अचानक मातम पसर गया। बारात की अगवानी के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में लड़की के चचेरे भाई को गोली लग गई। बारातियों के नाच-गाने के धूम धड़ाके के बीच गोली की आवाज दब गई, जब युवक लहूलुहान होकर गिर पड़ा तब लोगों को पता चल सका। युवक की मौत के बाद शादी समारोह में अफरा तफरी मच गई। परिजनों ने गांव के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

डांस के साथ की फायरिंग

बिल्हौर निवासी विश्वनाथ ने बताया कि सैटरडे को उनकी बेटी प्रियंका की शादी थी। कन्नौज से बारात आई थी। रात लगभग 12 बजे दूसरे घर में बने जनवासे से बाराती नाचते-गाते आ रहे थे। इधर बारात की अगवानी के लिए लड़की पक्ष के लोग खड़े थे। बराती नाचते गाते आगे बढ़ रहे थे। इस बीच चचेरे भाई 35 साल के राजेंद्र गौतम अचानक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। साथ चल रहे बराती सहम गए। राजेंद्र के सीने में दाहिनी ओर गोली लगी थी और खून निकल रहा था। अस्पताल ले जाने से पहले ही राजेंद्र की मौत हो गई।

मौत से मची खलबली

गोली लगने से युवक की मौत होने की जानकारी पर बारात में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस बल गांव पहुंच गया। ग्रामीणों ने दो फायर होने की जानकारी दी। इंस्पेक्टर अनूप कुमार निगम ने बताया कि हर्ष फायरिंग में युवक की गोली लगने से मौत होने की आशंका लग रही है। बारात में शामिल लोग सही जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। वहीं घटना के बाद आनन-फानन शादी की रस्में अदा की गई और रात में ही दुल्हन को विदा कर दिया गया।