कानपुर(ब्यूरो)। भगवान की शरणागति में जाने से मानव जाति का कल्याण होता है। भगवान की शरणागति से जीवात्मा को भक्ति, दर्शन और वैराग्य मिलता है। यह बातें शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क में रामाभिराम सेवा संस्थान की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य महाराज ने कहीं। उन्होंने कहा कि संसार में दो प्रकार के भोजन हैं। भौतिक भोजन से पेट भरता है और आध्यात्मिक भोजन से भगवान की शरणागति प्राप्त होती है। कहा कि जो भगवान की शरणागति लेता है उसकी मरणागति नहीं होती है। श्रीमद्भागवत का वाचन स्वयं भगवान ने छह अवधारणा में किया था।

लव जिहाद से बेटियों को बचाना चाहिए
उन्होंने कहा कि लव जिहाद से सनातनी बेटियों को बचाना चाहिए। यह समाज को भ्रमित करने और सनातन धर्म के खिलाफ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों शहर के एक आईएएस अफसर ने मतांतरण का प्रयास किया था। ऐसे लोगों से सनातनियों को बचना चाहिए। इस मौके पर अमित झा, विवेक अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, सुनील खंडेलवाल, गौरव अग्रवाल और संजय तिवारी आदि मौजूद रहे।