कानपुर (ब्यूरो)। चकेरी थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार स्टूडेंट्स को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को कांशीराम अस्पताल भिजवाया। जहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने एक छात्र को थोड़ी देर बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे का इलाज किया जा रहा है।

दोस्त के साथ जा रहा था जाजमऊ
आवास विकास हंसपुरम नौबस्ता निवासी 22 साल का आयुष साहू घर के पास एसजे एजूकेशन सेंटर में हाईस्कूल का छात्र था। पिता पृथ्वीपाल साहू ने बताया कि गुरुवार सुबह वह ड्यूटी पर चले गए थे। बेटा आयुष घर के पास रहने वाले दोस्त रोहन प्रजापति के साथ उसकी बाइक से जाजमऊ चला गया। आयुष बाइक पर पीछे बैठा था। जाजमऊ पुल के पास हाईवे पर ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हैलट रेफर किए जाने पर आयुष को मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में मां प्रियंका, बहनें पारुल, दीक्षा, नैंसी का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम में सिर पर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है।