- एसटीएफ और कानपुर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार विकास दुबे के गुर्गे राम सिंह से पूछताछ में खुलासा

------

KANPUR: चौबेपुर के बिकरू गांव में पुलिस हत्याकांड के आरोपी 50 हजार के इनामी ग्राम प्रधान और कुख्यात विकास दुबे के खास गुर्गे राम सिंह यादव ने पूछताछ में अहम खुलासे किए हैं। एनकाउंटर में मारे गए प्रभात मिश्रा के साथ मिल कर उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। बिकरू गांव में वारदात से पहले विकास ने ही फोन करके उसे बंदूक लेकर आने के लिए कहा था। पुलिस ने वारदात में यूज की गई रामसिंह की लाइसेंसी डबल बैरल रायफल को भी मदारीपुरवा से बरामद करने का दावा किया है।

विकास ने बनवाया था प्रधान

एसपी रूरल बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अकबरपुर के बारा टोल के पास से राम सिंह यादव की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उससे पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। रामसिंह विकास का खास गुर्गा था। विकास ने ही उसे ग्राम प्रधान भी बनवाया था। बस स्टैंड में वसूली की जिम्मेदारी राम सिंह के पास ही थी। 2 जुलाई की रात को विकास ने राम सिंह को फोन किया था। जिसके बाद वह अपनी बंदूक लेकर बिकरू पहुंचा था। वह प्रभात और शिवम दुबे के साथ विकास के पुराने घर की छत पर मौजूद था। पुलिस के गांव पहुंचने के बाद इन लोगों ने ही 50 से 60 राउंड फायरिंग की थी। मंडे को राम सिंह यादव को पुलिस ने जेल भेज दिया।