कानपुर (ब्यूरो) तहसीलदार बिल्हौर लक्ष्मी नारायण के मुताबिक कल्याणपुर में स्थित गाटा संख्या 35 में 1742 और 1266 वर्ग मीटर के 2 खाली प्लॉट सील किए जा रहे हैं। दोनों ही प्लॉट विकास दुबे के नाम पर रजिस्टर्ड हैं। तहसीलदार ने बताया कि उन्हें संपत्तियों का रिसीवर बनाया गया है। सदर तहसील की टीमों ने कानपुर नगर में 5 संपत्तियों को चिन्हित किया है। नाप-जोख कराई जा चुकी है। पीएसी और करीब आधा दर्जन थानों की फोर्स के साथ संपत्तियों को सील करने की कार्यवाही पूरी की जाएगी।

अब तक 10 संपत्तियां सील
डीएम नेहा शर्मा की कोर्ट ने एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे की सभी 67 करोड़ रुपए की अवैध संपत्तियों को जब्त करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद बिल्हौर तहसील की 10 संपत्तियों और वाहनों को पहले ही सील किया जा चुका है। वहीं शास्त्री नगर स्थित मकान में लोग रहते हैं। सभी को हटाकर संपत्ति को सील किया जाएगा। चार दिन का समय दिया गया है। वहीं कानपुर देहात और लखनऊ में
भी विकास की कुछ संपत्तियां हैं।