- पति की हालत खतरे के बाहर, हैलट अस्पताल में चल रहा इलाज

- दो दिसंबर को हुई थी शादी, परिवार में अक्सर होता था झगड़ा

KANPUR: सचेंडी में संडे रात पति से झगड़े के बाद महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। पत्नी को फंदे से लटकता देख पति ने धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया। परिजनों ने उसको निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे हैलट रेफर कर दिया गया। देर शाम तक पति की हालत खतरे से बाहर बताई गई। महिला के परिजनों ने पति और सुसराल के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

पांच महीने पहले हुई थी शादी

सचेंडी निवासी योगेंद्र सिंह बिस्किट फैक्ट्री में जॉब करता है। उसकी शादी पांच महीने पहले घाटमपुर के नवेड़ी गांव की रहने वाली 25 साल की खुशबू से हुई थी। संडे को दोनों घाटमपुर पतारा स्थित कुड़ाहा देवी मंदिर दर्शन करने गए थे। परिजनों के मुताबिक शाम करीब पांच बजे दोनों वापस घर लौटे। तभी से दोनों के बीच विवाद हो रहा था। रात दोनों ने खाना भी नहीं खाया था। इसके बाद खुशबू कमरे के अंदर तो योगेंद्र छत पर जाकर सो गया था। देर रात को योगेंद्र किसी काम से नीचे आया तो उसने खुशबू का शव कमरे पंखे से लटके देखा।

चीख-पुकार सुनाई देने पर

खुशबू का शव पंखे से लटके देख योगेंद्र बदहवास हो गया। शोर सुनकर आस पास वाले अंदर पहुंचे तो योगेंद्र खुशबू के शव से लिपटकर रो रहा था। लोगों की तरह तरह की बातें सुनकर योगेंद्र डिस्टर्ब हो गया। उसने घर में रखा चाकू उठाया और गले में मार लिया। आनन फानन परिजन योगेंद्र को पास के निजी हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करके महिला के मायके वालों को सूचना दी। ससुरालीजनों ने पुलिस को बताया कि देर रात चीख-पुकार सुनाई देने पर परिवार के लोग कमरे में पहुंचे। इसके बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई।

'' घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच व पोस्टामार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल महिला के मायके में घटना के संबंध में जानकारी दे दी गई है.''

सतीश कुमार राठौर, थाना प्रभारी सचेंडी