कानपुर (ब्यूरो) पनकी गंगागंज कपिली हनुमंत नगर निवासी वीर सिंह की 45 वर्षीय पत्नी मुन्नी देवी रनियां के शिवनगर में जितेंद्र तिवारी के मकान में किराये पर अकेले रहती थीं। शनिवार दोपहर को जितेंद्र तिवारी मकान पर पहुंचे तो गेट पर बाहर से ताला लगा देखकर संदेह हुआ। इस पर मकान के अंदर झांककर देखा तो मुन्नी देवी का चप्पल व सामान नजर आया। उन्होंने पत्नी को आवाज दी लेकिन कोई रेस्पॉन्स नहीं मिला तो उन्हें अनहोनी का शक हुआ।

फारेंसिक टीम ने की जांच
जितेंद्र मोहल्ले के लोगों को बुलाकर मामले की जानकारी दी। इसके बाद ताला तोड़ा और अंदर गए तो बिस्तर पर मुन्नी देवी का शव पड़ा देखकर सन्न रह गए। मकान मालिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर आई पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। प्राथमिक छानबीन में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। डॉग स्क्वॉयड भी पास की एक फैक्ट्री में जाने के बाद लौट आया।

अस्पताल में काम करती थी
पुलिस का अनुमान है कि फैक्ट्री का कोई कर्मी घटना में शामिल है। जानकारी मिलने पर आए पति वीर सिंह व बेटी काजल का रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। महिला ने परिवार वालों से किसी अस्पताल में काम करने की जानकारी दी थी। अस्पताल का नाम नहीं पता चल सका है, जिसके बारे में पता लगाया जा रहा है।