कानपुर (ब्यूरो)। परमट घाट पर संडे तडक़े दोस्तों के साथ गंगा नहाने गया युवक गहराई में जाकर डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर पहुंचे गोताखोरों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद कर लिया।
विजयनगर गल्ला मंडी निवासी 23 साल का अमन चक उर्फ चंदन डेंटिस्ट के क्लीनिक में कंपाउंडर था। फैमिली में बड़ा भाई अभिषेक, मां नीता और बहन कशिश है। संडे तडक़े अमन मोहल्ले में रहने वाले दोस्त सुमित, ऋतिक, गोगा और अनुज के साथ परमट घाट पर गंगा नहाने गया था। नहाते समय वह गहराई में जाकर गंगा में डूब गया। अंधेरा होने के चलते दोस्तों को पता नहीं चला।

दोस्तों को जब वह नजर नहीं आया तो उन्होंने तलाश शुरू की। जब उसका पता नहीं चला तो उन्होंने शोर मचाया और पुलिस के साथ ही गोताखोरों को इसकी सूचना दी। ग्वालटोली थाना प्रभारी पवन ङ्क्षसह ने अमन की तलाश में गोताखोरों को उतारा।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने अमन का शव बरामद कर लिया। बेटे का शव देखकर स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि गहराई में जाकर डूबने से हादसा हुआ था।