- अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी समेत 11 कर्मचारी कोरोना पॉजीटिव

LUCKNOW

अभी तक जहां नगर निगम के जोनल कार्यालयों में कोरोना के केस सामने आए थे, वहीं बुधवार को निगम मुख्यालय में अपर नगर आयुक्त, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी समेत 11 कोरोना पॉजीटिव सामने आने से हड़कंप मच गया।

सोमवार को हुई थी जांच

निगम मुख्यालय में सोमवार को करीब 50 लोगों की कोरोना जांच हुई थी, जिसकी रिपोर्ट बुधवार को आई। 50 में से 11 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। पॉजिटिव रिपोर्ट वालों में नगर आयुक्त डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी के पीएस भी शामिल हैं। ये मामले सामने आने पर कर्मचारी संघों ने नगर आयुक्त से सभी कर्मियों की जांच कराने की मांग की है।

दो हजार कर्मी

नगर निगम मुख्यालय में सभी विभागों को मिलाकर दो हजार के आसपास कर्मचारी हैं। वहीं आठ जोन कार्यालयों के कर्मचारियों का भी निगम मुख्यालय आना-जाना लगा रहता है। साथ ही निगम मुख्यालय के कर्मचारी फील्ड में जाने के साथ स्मार्ट सिटी कार्यालय भी जाते हैं।

जोन 4 हो चुका है सील

सोमवार को नगर निगम के जोन चार कार्यालय में एक जेई संक्रमित मिला था। जिसकी वजह से यह जोन सील है। उसी दिन निगम मुख्यालय स्थित जोन एक में तैनात एक लिपिक भी संक्रमित मिला था। जिसके बाद निगम मुख्यालय को बंद कर मंगलवार को सेनेटाइजेशन कराया गया। वहीं बुधवार को निगम मुख्यालय में कोरोना बम फूटा है। इसी तरह निगम के जोन आठ ऑफिस में भी कोरोना केस सामने आ चुका है।

कार्यकारिणी व वित्त विभाग की बैठक

1 जुलाई से 15 जुलाई तक की बात करें तो निगम मुख्यालय में मेयर संयुक्ता भाटिया की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई थी। इसके बाद मेयर की अध्यक्षता में वित्त विभाग की समीक्षा बैठक भी बुलाई गई थी। इन बैठकों में कोरोना पॉजीटिव आए अधिकारी शामिल हुए थे। अब इन अधिकारियों के संपर्क में आए लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है।

मेयर ने खुद की बात

मेयर संयुक्ता भाटिया ने कोरोना पॉजिटिव आये सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से फोन पर बात कर उन्हें हर प्रकार की मदद देने और उनके परिवार की पूरी सहायता करने का भरोसा दिया।