- शहर के हर इलाके में मिले संक्रमित

- दो दिनों में 757 लोग बीमारी को मात देकर लौटे घर

रुष्टयहृह्रङ्ख : राजधानी में पिछले चौबीस घंटों में प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण समेत 14 लोगों की कोरोना से मौत हो गई, जबकि 391 नए मरीज मिले हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वत्रंत्र देव सिंह और राज्य के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। शनिवार और रविवार को कुल 754 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं, शनिवार को पांच और रविवार को 14 लोगों को कोरोना से मौत हो गई। इससे पहले शनिवार को 363 लोगों में संक्रमण मिला था। मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूल गए हैं। चिंताजनक स्थिति यह है कि पांच अगस्त को अयोध्या में होने वाले भूमि पूजन के चलते राजधानी में बड़ी संख्या में वीआईपी के साथ ही अन्य लोगों का भी आना-जाना लगा रहेगा। ऐसे में संक्रमण विकराल रूप धारण कर सकता है।

टेस्ट ज्यादा तो मरीज बढ़े

सीएमओ डॉ। आरपी सिंह के मुताबिक जांच की संख्या बढ़ाई जा रही हैं। इससे ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। शुरुआत में ही मरीजों की पहचान हो रही है। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।

गोमती नगर में सबसे ज्यादा मिले मरीज

गोमतीनगर के 41 लोग वायरस की चपेट में आए हैं। इंदिरानगर में 23 लोग संक्रमित मिले हैं। अलीगंज में 12, रायबरेली रोड के 19 लोग संक्रमित मिले हैं। सुशांत गोल्फ सिटी के 11 लोग संक्रमित हैं। बाजारखाला में छह, चिनहट, मडि़यांव और हसनगंज में 20-20 लोग संक्रमित पाए गए हैं। गुडंबा में 10 लोग वायरस की चपेट में हैं। आशियाना में 23, नाका में 14, कैंट में 18 लोग वायरस की चपेट में आ गए हैं। विकासनगर में 14 लोग संक्रमित मिले हैं। जानकीपुरम में सात लोग वायरस की जद में आ गए हैं। ठाकुरगंज में 11 और हजरतगंज में आठ लोग संक्रमित मिले हैं। सआदतगंज नौ लोग बीमार मिले। पारा, वजीरगंज और अमीनाबाद में पांच-पांच लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। चौक में 21, एलडीए कॉलोनी में नौ, फैजाबाद रोड के पांच लोग संक्रमित मिले हैं। आलमबाग और कृष्णानगर के 40 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कैसरबाग में 12, सरोजनीनगर में 12, महानगर में सात, तालकटोरा में 14, जानकीपुरम में सात, विकासनगर में छह लोग संक्रमित मिले। मोहनलालगंज में एक, बीकेटी में तीन, इटौंजा में सात लोग संक्रमित मिले हैं। साफ है कि शहर का शायद ही कोई कोना ऐसा हो जहां संक्रमण ने दस्तक न दी हो।

संक्रमित से ज्यादा स्वस्थ

राहत की बात ये है कि मरीजों की संख्या जिस रफ्तार से बढ़ रही है, स्वस्थ होने वाले मरीजों की रफ्तार भी उतनी ही तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में 757 लोगों ने बीमारी को शिकस्त देने में कामयाबी हासिल की है। सीएमओ ने बताया कि ठीक होने के बाद मरीजों को 14 दिन घर में आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है। केजीएमयू, पीजीआइ, लोहिया, लोकबंधु, एरा, राम सागर मिश्र अस्पताल, ईएसआई, टीएसएम मेडिकल कॉलेज से इन मरीजों की छुट्टी हुई है।