- 180 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

- 3 फ्लाई ओवर निर्माणाधीन

- 2 फ्लाईओवर का काम शुरू होने जा रहा

- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ ने ज्योतिबा फुले पार्क में 1710 करोड़ लागत वाली परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

- पीडब्ल्यूडी की 76 परियोजनाओं सहित कुल 90 परियोजनाओं का शिलान्यास और 8 विभागों की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

LUCKNOW :

राजधानी लखनऊ के लिए मंगलवार का दिन सौगातों भरा रहा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी आदित्यनाथ ने चौक स्थित ज्योतिबा फुले पार्क में किसान पथ, विक्टोरिया स्ट्रीट फ्लाईओवर एवं 1710 करोड़ लागत वाली 180 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस कदम को उठाए जाने के बाद न सिर्फ बेहद कम समय में लखनऊ होकर अयोध्या पहुंचा जा सकेगा, वहीं शहर के घनी आबादी वाले एरिया चौक से गुजरने वाले लोगों को जाम की समस्या से खासी राहत मिलेगी।

कुल 90 परियोजनाएं शामिल

इसमें लोक निर्माण विभाग की 76 परियोजनाओं सहित कुल 90 परियोजनाओं का शिलान्यास लागत करीब 396 करोड़ और 8 विभागों की 90 परियोजनाओं की लागत 1352 करोड़ का लोकार्पण शामिल है।

सीएम की प्रशंसा

मंच से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी की जमकर प्रशंसा भी की। उन्होंने कहाकि यूपी को कर्मयोगी मुख्यमंत्री मिला है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में कर्मयोगी और विकास पुरुष के साथ यूपी में कर्मयोगी मुख्यमंत्री की जोड़ी अदभुत संयोग है। उन्होंने कहाकि लोगों के लिए कल्याण के लिए सीएम ने परिश्रम की पराकाष्ठा की है।

दिल की धड़कन रुकी

रक्षा मंत्री ने कहाकि सपा और बसपा की सरकारों में कानून व्यवस्था एकदम ध्वस्त हो गई थी लेकिन सीएम योगी ने शान्ति व्यवस्था इतनी कड़ाई से लागू की है कि अपराधियों के दिल की धड़कन रुक गयी है। उत्तर प्रदेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर काम किया जा रहा है।

एक रुपये की टोकन लीज

रक्षा मंत्री ने कहा कि डीआरडीओ के उपक्रम द्वारा लखनऊ में 'ब्रह्मोस मिसाइल' की उत्पादन इकाई लगाने का प्रस्ताव किया तो योगी आदित्यनाथ द्वारा तत्काल भूमि चयन की कार्रवाई कराने के साथ ही मात्र एक घंटे के अंदर इन्होंने निर्णय दे दिया कि ब्रह्मोस फैक्ट्री के लिये 100-200 एकड़, जितनी भी भूमि की आवश्यकता होगी, वे मात्र एक रुपये की टोकन लीज पर उपलब्ध कराएंगे। रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना की भी प्रशंसा की।

-------------

पहली राहत

पांचवें फ्लाईओवर की सौगात

रक्षा मंत्री ने बताया कि तुलसी दास मार्ग (विक्टोरिया स्ट्रीट, चौक) पर 142 करोड़ से निर्मित 2.5 कि.मी। लंबे 2 लेन के फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया है। इससे पहले कुकरैल फ्लाईओवर, लालकुआं, राजाजीपुरम और टेढ़ी पुलिया फ्लाईओवर्स का लोकार्पण किया जा चुका है। जिसका सीधा लाभ शहर की जनता को मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि इसके अतिरिक्त शहर में तीन नये फ्लाईओवर निर्माणाधीन हैं और दो पर कार्य शुरू होने जा रहा है।

इसलिए परियोजनाएं जरूरी

रक्षा मंत्री ने कहाकि राजधानी की आबादी पिछले 20 वर्षो से एक लाख प्रतिवर्ष और रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या 80 हजार प्रतिवर्ष की दर से बढ़ रही है। सन 1970 में जहां आबादी चार लाख और वाहनों की संख्या सात से आठ हजार के करीब हुआ करती थी, वहीं अब आबादी लगभग 45 लाख और वाहनों की संख्या लगभग 26 लाख पहुंच रही है। ऐसे में लखनऊ में आवागमन सुगम करने के लिये ये सब

परियोजनाएं लाभकारी साबित होंगी।

दूसरी राहत

6 लेन की सड़क, लागत 505 करोड़

मंगलवार को अयोध्या मार्ग से सुलतानपुर रोड 12 कि.मी। लंबे सेक्शन, जिसे किसान पथ के नाम से जाना जाता है, उसे शुरू किया गया है। इसकी लागत लगभग 505 करोड़ है, जिसमें लगभग 11 कि.मी। 6 लेन की सड़क का निर्माण 271 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी द्वारा कराया गया है। बता दें कि वर्ष 2016 में 104 किमी लंबी आठ लेन चौड़ी छह हजार करोड़ लागत वाली आउटर रिंग रोड का निर्माण शुरू कराया गया था। इसमें अयोध्या मार्ग से कुर्सी मार्ग तक 15 किमी। मार्ग का लोकार्पण फरवरी 2019 में हो गया था।

तीसरी राहत

चिकित्सा व्यवस्था होगी बेहतर

रक्षा मंत्री की ओर से टूडि़यागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जिला प्रशासन से प्राप्त प्रस्ताव पर एक करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें 50 लाख रुपये की एक किश्त जारी की जा चुकी है।

चौथी राहत

घर-घर पीएनजी गैस की सुविधा

रक्षा मंत्री ने बताया कि राजधानी लखनऊ में घर-घर पीएनजी गैस की सुविधा पहुंचाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहाकि उनका यही प्रयास यही है कि लोगों को रोजगार के भरपूर अवसर मिलें। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क मंत्रालय से आउटर रिंग रोड, फ्लाईओवर के लिए धनराशि स्वीकृत कराने के लिए रक्षा मंत्री ने केंद्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग नितिन गडकरी का भी आभार व्यक्त किया।