लखनऊ (ब्यूरो)। खालसा पंथ का 324वां साजना दिवस (बैसाखी पर्व) राजधानी के विभिन्न गुरुद्वारों में श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विशेष दीवान सजाया गया, तो वहीं गुरुद्वारा को भी विशेष रूप से सजाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मत्था टेका। कार्यक्रम समापन के बाद संगत में गुरु का प्रसाद वितरित किया गया।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरुनानक देव जी नाका हिंडोला में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा साहिब का भव्य दीवान हाल बहुत रंग बिरंगे गुब्बारों द्वारा बड़ी खूबसूरती से सजाया गया था। दीवान हाल के बीचो-बीच फूलों और बिजली की झालरों सुसज्जित सुंदर संगमरमर की पालकी साहिब में श्री गुरुग्रंथ साहिब का प्रकाश किया गया था। बहुत सुबह से ही लखनऊ एवं आसपास के इलाकों से श्रद्धालु गुरुद्वारा नाका हिंडोला में पहुंचने लगे। पंक्तियों में खड़े होकर श्री गुरुग्रंथ साहिब के दर्शन के बाद गुरुवाणी का रस पान किया।

लंगर हुआ वितरित

श्री अखंड पाठ की समाप्ति के बाद हजूरी रागी भाई राजिंदर सिंह ने अपनी मधुर वाणी में पवित्र आसा दी वार का अमृतमयी शबद कीर्तन गायन कर वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। ज्ञानी सुखदेव सिंह ने बैसाखी पर्व पर कथा व्याख्यान किया। विशेष रूप से पधारे हजूरी रागी भाई सुखजिंदरपाल सिंह ने खालसा मेरो रुप है खालसे महि हौं करो निवास।। शबद कीर्तन गायन कर साध संगत को निहाल किया। विशेष रुप से पधारी पंथ प्रसिद्ध डॉ। हरप्रीत कौर खालसा ने खालसा पंथ साजना दिवस पर गुरमत विचारों द्वारा दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। भाई सुरजीत सिंह ने गुर संगत कीनी खालसा मनमुखी दुहेला, वाह वाह गोबिंद सिंह आपे गुर चेला।। गायन कर समूह संगत को मंत्र मुग्ध कर दिया। सिमरन साधना परिवार के बच्चों ने भी शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को भाव विभोर किया। अरदास के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरित किया। इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख आदि पहुंचे।

विशेष दीवान सजाया

ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी यहियागंज में बैसाखी के अवसर पर देर रात तक विशेष दीवान सजाया गया। जिसमें अमृतसर से आए भाई निर्भय सिंह एवं रुद्रपुर से आए भाई कुलवंत सिंह एवं दिल्ली से आए भाई दिलराज सिंह सोढ़ी ने शबद कीर्तन द्वारा संगत को निहाल किया। ज्ञानी परमजीत सिंह एवं ज्ञानी जगजीत सिंह जाचक ने खालसा साजना दिवस बैसाखी के पर्व पर प्रकाश डाला। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि डॉ। गुरमीत सिंह के संयोजन में विशेष दीवान सजाया गया।

बच्चे हुए पुरस्कृत

वहीं, केंद्रीय सिंह लखनऊ गुरुद्वारा आलमबाग में खालसा साजना दिवस व दस्तारबंदी दिवस श्रद्धा के साथ मनाया गया। रागी जत्था भाई दिनेश सिंह देहरादून वाले ने बैसाखी पर्व पर शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कथावाचक ज्ञानी जगजीत सिंह द्वारा बैसाखी का इतिहास संगत के साथ साझा किया। मीडिया प्रभारी हरजीत सिंह ने बताया कि इस अवसर पर दस्तार दिवस मनाया गया। जिसमें बच्चे दस्तार सजाकर आए। इसमें प्रथम पुरस्कार दिलप्रीत सिंह, द्वितीय पुरस्कार प्रमजीत सिंह और प्रणव नूर सिंह व हरप्रीत सिंह एवं 11 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रधान निर्मल सिंह व महामंत्री रतपाल सिंह गोल्डी दारा दिया गया। अंत में गुर का लंगर वितरित किया गया।

आलमबाग में भव्य खालसा चौक का होगा निर्माण

लखनऊ स्थित आलमबाग में जल्द ही भव्य खालसा चौक का निर्माण होगा। खालसा चौक का निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश दिये गये हैं। यह बात डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को ऐतिहासिक नाका हिंडोला गुरुद्वारा में बैसाखी समागम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि खालसा पंथ जी के नाम पर आलमबाग में खालसा चौक का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सरकार आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। हम सब परिवार के सदस्य हैं। हम सब वाहेगुरु जी की कृपा से एकत्र हुए हैं। इस एकजुटता को बनाए रखने की जरूरत है। बैसाखी का यह सुंदर पर्व सैदव मानवता का पाठ पढ़ाता है। नए दौर, नए युग की शुरुआत, सत्यता और कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करता है। इस मौके पर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख समेत अन्य लोग मौजूद रहे।