लखनऊ (ब्यूरो)। जाम का कारण बने ई-रिक्शा का संचालन 11 प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंधित कर दिया गया है। शुक्रवार से प्रतिबंधित मार्गों पर ई-रिक्शा का संचालन और पार्किंग नहीं होगी। इसका पालन कराने की जिम्मेदारी परिवहन विभाग, संबंधित थानाक्षेत्रों और ट्रैफिक पुलिस को दी गई गई है। गुरुवार को पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर ने इसका आदेश जारी किया। पुलिस कमिश्नर ने ट्रैफिक पुलिस, पुलिस और संभागीय परिवहन अधिकारी को आदेश दिया है कि वे टीम के साथ 11 प्रतिबंधित मार्गों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद 27 मई को संयुक्त रूप से यह रिपोर्ट देंगे कि ई-रिक्शा संचालन से कितनी यातायात व्यवस्था सुधरी, जिससे अन्य मार्गों पर भी यह व्यवस्था लागू की जा सके।

लोगों को पहले दी जाएगी जानकारी

डीसीपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र शाक्य ने बताया कि एक सप्ताह तक हम उक्त 11 मार्गों पर बोर्ड लगाकर प्रचार-प्रसार करेंगे। लोगों को जानकारी देंगे कि इन पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित है। इसके बाद अगर प्रतिबंधित रूट पर ई-रिक्शा का संचालन मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्ञात हो कि दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से राजधानी ई-रिक्शा के बढ़ती हुई समस्या को लेकर एक अभियान चलाया था। जिसके बाद इन ई-रिक्शा को शहर के 11 प्रमुख मार्गों से हटाने का आदेश जारी हुआ है।

कॉलोनियों से मुख्य मार्ग के बीच संचालन

प्रतिबंधित रूट पर दौड़ रहे ई-रिक्शा का संचालन अब कॉलोनियों से मुख्य मार्ग के बीच होगा। साल 2013 में लखनऊ शहर में ई-रिक्शा संचालन शुरू हुआ। मकसद था कि बढ़ते शहर के बीच कॉलोनियों में रहने वालों को परिवहन सेवा मुहैया कराना। इसकेतहत कॉलोनियों से ई-रिक्शा मुख्य मार्ग पर आकर सवारियां छोड़ेगा और मुख्य मार्ग से सवारियों को कॉलोनियों तक पहुंचाना होगा। मगर जिम्मेदारों की लापरवाही से ई-रिक्शा का संचालन शहर के प्रतिबंधित रूटों पर भी शुरू हो गया, जिसके चलते शहर में जाम की समस्या बढ़ गई थी।

इन मार्गों पर लगा प्रतिबंध

- हजरतगंज चौराहे से रायल होटल के रास्ते बर्लिंग्टन चौराहा

- हजरतगंज चौराहे से बंदरियाबाग के बीच

- हजरतगंज चौराहे से सिकंदरबाग चौराहा

- हजरतगंज से एलआइसी बिल्डिंग तिराहा, मेफेयर, वाल्मीकि तिराहा, ङ्क्षहदी संस्थान के रास्ते प्रेस क्लब और बाबू केडी ङ्क्षसह स्टेडियम मार्ग से परिवर्तन चौक

- बंदरियाबाग चौराहा से गोल्फ, लोहिया पथ से 1090 के रास्ते पालीटेक्निक चौराहा

- अमौसी से शहीदपथ तिराहा कानपुर रोड के रास्ते बाराबिरवा

- अहिमामऊ से अर्जुनगंज बाजार से रजमन चौकी, कटाई पुल के रास्ते लालबत्ती चौराहा

- पिकअप पुल ढाल से इंदिरागांधी प्रतिष्ठान, विजयीपुर अंडरपास, इंदिरागांधी प्रतिष्ठान से हाई कोर्ट गेट नंबर तीन गोमतीनगर रेलवे स्टेशन रोड तिराहे तक

- शहीदपथ पर

- बादशाहनगर चौराहे से लेखराज, भूतनाथ के रास्ते पालीटेक्निक चौराहा

- अमौसी मोड़ से मुंशी पुलिया चौराहा तक (मेट्रो के आने व जाने वाले मार्ग पर)