- लखनऊ में कंपनी खोल जमा करा रहे थे पैसे, छह फरार

- 550 लोगों से की ठगी, 111 ने कराई शिकायत

रुष्टयहृह्रङ्ख : लखनऊ के गोसाईगंज में अलास्का रियल एस्टेट के नाम से कंपनी खोलकर जालसाजों ने दुबई और मुंबई में निवेश के नाम पर लोगों से 59 करोड़ रुपयों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि छह फरार हैं। मामले में अब तक कुल 111 लोगों ने शिकायत की है। वहीं, जांच में 550 लोगों के साथ ठगी की बात सामने आई है।

पांच फीसद ब्याज के लालच का जाल

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रईस अख्तर और अपर पुलिस उपायुक्त गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि क्षेत्र के सकटू का पुरवा गांव निवासी हरिओम यादव ने गांव के पास अपनी जमीन पर अलास्का रियल एस्टेट नाम से कंपनी खोलकर पांच प्रतिशत मासिक ब्याज पर लोगों से पैसे जमा कराना शुरू कर दिया। वह खुद इसका एमडी बन गया। कुछ महीनों तक लोगों को जाल में फंसाने के लिए उनके ब्याज सहित पैसे भी वापस किए गए, लेकिन बाद में लोगों का पैसा वापस करने में आनाकानी होने लगी। पैसा वापस मांगने पर लोगों को धमकी दी जाने लगी। जिसके बाद पैसा निवेश करने वाले महेश कुमार यादव निवासी निलमथा ने कंपनी मालिक समेत अन्य जालसाजों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई तो सैकड़ों लोगों से ठगी की बात सामने आई।

गुजरात और मुंबई-दुबई तक फैला है नेटवर्क

जालसाजों ने सुलतानपुर और रायबरेली से लेकर सूरत तक जाल फैला रखा था। दुबई-मुंबई में भी ठगी का नेटवर्क मजबूत करने में लगे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ठगी की राशि इससे ज्यादा भी हो सकती है। जांच चल रही है। जालसाज हरिओम के सात बैंक खातों का पता चला है, जिनमें से जमा निकासी की गई है। उक्त खाते सीज कराने की कार्रवाई की जा रही है। छह फरवरी को राजधानी के कृष्णानगर में इसी कंपनी के पांच करोड़ रुपये पकड़े गए थे। उस समय हरिओम और उसके सात साथी गिरफ्तार किए गए थे।