- फेसबुक पर लड़की का रूप धर करता था दोस्ती और हैक कर लेता था आईडी

- दोस्ती के जाल में फंसाकर अश्लील फोटो वायरल का डर दिखाकर वसूलता था रुपए

LUCKNOW : एक आठवीं फेल लड़की ने पहले तो हजारों लड़कियों की आईडी हैक की, फिर अपने गंदे खेल को अंजाम देना। सबसे पहले तो उसने अपने जाल में फंसी लड़कियों का अश्लील फोटो बैंक बनाया फिर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। अपनी इज्जत बचाने के फेर में फंसी सैकड़ों लड़कियों ने जालसाज को मोटी रकम भी दी। जब पुलिस उस जालसाज तक पहुंची तो एक हैरतअंगेज सच सामने आया। दरअसल, जिसने लड़कियों के साथ लड़की बनकर गंदा खेल खेला, वो लड़का विनीत निकला। पुलिस भी उसकी साइबर हैकिंग के तरीके को जानकर दंग रह गई।

भेजता था फ्रेंड रिक्वेस्ट

डीसीपी क्राइम पीके तिवारी के मुताबिक, विनीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़की का चोला ओढ़ रखा था। वह युवतियों को फेसबुक, वाट्सएप और इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। जैसे ही कोई लड़की उसकी रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर लेती, वह उसकी आईडी हैककर व्यक्तिगत फोटो और चैट का स्क्रीन शॉट ले लेता था। इसके बाद उन्हें ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठता था।

लैपटॉप से खुला राज

डीसीपी क्राइम ने बताया कि आरोपित के लैपटॉप पर करीब 10 हजार लड़कियों का डाटा मिला है, जिनकी अश्लील फोटो उसने अपने पास सेव कर रखी थी। कुछ दिन पहले पीजीआई थाने में एक युवती ने एफआईआर दर्ज कराई थी। पीजीआई पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया।

400 लड़कियों से रुपये ऐंठे

पुलिस के मुताबिक आरोपी विनीत लड़कियों से सिर्फ चैटिंग से ही बात करता था। अब तक वह 400 लड़कियों से रुपये ऐंठ चुका है। विनीत मूल रूप से शाहजहांपुर के मस्जिदगंज चौक का रहने वाला है।

पोर्न साइट पर अपलोड है फोटो

आरोपित लड़कियों से कहता था कि तुम्हारी फोटो पोर्न साइट पर है। उसके पास एक अच्छा जुगाड़ है, जिससेवह फोटो डिलीट करवा सकता है। इसके एवज में रुपये देने होंगे। चूंकि विनीत लड़की बनकर उनसे चैटिंग पर बात करता था तो लड़कियां उस पर आसानी से विश्वास कर लेती थीं। इसके बाद विनीत पेटीएम और खाते में रुपये मंगवाता था। इज्जत जाने के डर की वजह से लड़कियां अपने घर वालों को भी नहीं बताती थीं।

यू-ट्यूब से सीखा

पुलिस की जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी विनीत ने यूट्यूब से आई-डी हैक करना सीखा था। इसके बाद ही उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़कियों को फंसाकर ब्लैकमेलिंग शुरू की।