LUCKNOW NEWS; लखनऊ (ब्यूरो)। एलडीए वीसी डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी ने कनिष्ठ लिपिक अरविंद कश्यप को निलंबित कर दिया। अरविंद कश्यप पर म्यूटेशन के नाम पर आवंटी से धन उगाही करने तथा संपत्ति की फाइलों से महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब कर आवंटियों का कार्य प्रभावित करने का आरोप है। जिसके संबंध में आवंटियों द्वारा जनता अदालत समेत विभिन्न फोरम में शिकायत भी की गयी थी। वीसी ने उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिये हैं।

20 हजार रुपए की मांग
अपर सचिव ज्ञानेंद्र्र वर्मा ने बताया कि आवंटी चेतन सक्सेना द्वारा कनिष्ठ लिपिक अरविंद कश्यप की शिकायत की गयी थी। चेतन के मुताबिक अरविंद ने जानकीपुरम योजना सेक्टर जी स्थित भवन संख्या एलआईजी 45 का म्यूटेशन कराने के नाम पर उनसे ऑनलाइन म्यूटेशन फीस जमा कराने के साथ पूरा काम कराने के एवज में 20 हजार रुपए की मांग की थी। पेशगी 10 हजार वसूलने के बाद भी उनका काम नहीं कराया। जांच में पाया गया कि तत्समय के कार्य विभाजन के अनुसार अरविंद द्वारा सेक्टर जी का कार्य देखा भी नहीं जा रहा था।

दस्तावेज गायब करने की कंपलेन
अरविंद द्वारा संपत्ति की फाइलों से महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब करने की शिकायतें भी प्राधिकरण दिवस-जनता अदालत समेत विभिन्न फोरम में प्राप्त हो रही थीं। जिससे आवंटियों का कार्य प्रभावित हो रहा था और प्राधिकरण की छवि धूमिल हो रही थी। उक्त शिकायतों पर विशेष कार्याधिकारी देवांश त्रिवेदी को प्रारंभिक जांच सौंपी गयी थी। इसमें प्रथम दृष्ट्या दोषी पाये जाने पर वीसी ने अरविंद कश्यप को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुये विभागीय जांच के आदेश दिये हैं। उक्त प्रकरण में विशेष कार्याधिकारी प्रिया सिंह को जांच अधिकारी नामित किया गया है और उन्हें 15 दिन में विस्तृत जांच करके रिपोर्ट देनी होगी।