- नीलामी से मिली जमीन पर बनाया मकान : अफजाल

- मकान बचाने तीसरी बार एलडीए पहुंचे सांसद अफजाल अंसारी

- डालीबाग के गाटा संख्या 93 से अपने मकान को बताया अलग

LUCKNOW

डालीबाग के गाटा संख्या 93 सरकारी जमीन पर बने मकान को बचाने के लिए मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी सोमवार को परिवार के साथ एलडीए वीसी से मिलने पहुंचे। करीब ढाई घंटे तक एलडीए वीसी शिवाकांत द्विवेदी और अफजाल अंसारी कागजों में उलझे रहे। अफजाल ने कई कागज देते हुए बताया कि उनका मकान गाटा संख्या 93 पर नहीं है तथा वैध जमीन पर है। जिसको सबसे पहले निष्क्रांत संपत्ति की नीलामी में केंद्र सरकार से खरीदा गया था। नक्शा भी पास है, कुछ भी अवैध नहीं है। एलडीए वीसी ने इस मामले में अगली तारीख अब तक नहीं तय की है। एलडीए ने एक सितंबर को अफजाल की पत्नी के नाम नोटिस काटा था। जिसमें उनको पहले 14 सितंबर की तारीख सुनवाई के लिए मिली थी। तब अंसारी ने सात दिन का समय मांगा था। दूसरी सुनवाई 21 सितंबर को हुई थी। जिसके बाद उनको एक बार से आज की तारीख मिली थी, करीब 12 बजे अफजाल परिवार के साथ पेश हुए।

एलडीए ने मुख्तार अंसारी की भाभी को दिया था नोटिस

मुख्तार अंसारी की भाभी फरहत अंसारी के डालीबाग स्थित अवैध निर्माण को ढहाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। पहले चरण में इस भवन का शमन मानचित्र निरस्त किया जाएगा। जिसके लिए नोटिस दिया गया था। 14 दिन के भीतर फरहत को एलडीए के वीसी के समक्ष बताना था कि ये नक्शा क्यों न निरस्त कर दिया जाए। गाटा संख्या 93 की सभी खातेदारी निरस्त होने के बाद एलडीए अब इस मानचित्र को निरस्त करने की तैयारी में लगा हुआ है।