- महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिवालय तैयार

- भोर से खुल जाएंगे मंदिरों के कपाट

- सिद्धयोग में पूजा का मिलेगा विशेष फल

LUCKNOW: राजधानी में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मनकामेश्वर, महाकाल मंदिर, कोनेश्वर, बुद्धेश्वर, द्वादश ज्योर्तिलिंग समेत शहर के सभी शिवालय सजकर तैयार हो गये हैं। वहीं मंदिरों के बाहर पूजन और फल की दुकानें सज गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट भोर से ही खोल दिये जाएंगे।

शुभ योग में करें पूजा

ज्योतिषाचार्य आनंद दुबे ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व कई शुभ संयोग में मनाई जाएगी। इस दिन चतुर्दशी तिथि दोपहर 2:41 मिनट से 12 मार्च दोपहर 3:03 मिनट तक रहेगी। महाशिवरात्रि की सुबह 9:24 मिनट तक शिव योग भी रहेगा। उसके बाद सिद्ध योग लग जाएगा, जो 12 मार्च सुबह 8:29 मिनट तक रहेगा। शिव योग में किए गए सभी मंत्र शुभ फलदायी और सिद्ध योग में किये गए कायरें में सफलता हासिल होती है।

नदियों के पवित्रजल से होगा स्नान

मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि द्वारा भोर में प्रमुख नदियों के जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जायेगा। आरती के बाद 4 बजे दर्शन के लिए पट खोल दिए जाएंगे। मंदिर में बिना मास्क प्रवेश नहीं मिलेगा। सदर बाजार स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग धाम में महादेव को पगड़ी, सेहरा पहनाकर दूल्हे के रूप में श्रंगार होगा। इसके अलावा शिव के विवाह की रस्म भी अदा की जायेगी। महिलाओं द्वारा विशेष प्रकार के विवाह गीत प्रस्तुत किये जायेंगे।

दो दिवसीय उत्सव शुरू

राजेंद्रनगर के महाकाल मंदिर में दो दिवसीय शिवरात्रि उत्सव शुरू हो गया है। बुधवार को शिव विवाह से पूर्व मेहंदी और हल्दी की रस्म पूरी की गई। महिला मंडल ने माता पार्वती को मेहंदी लगाई। उसके बाद बाबा महाकाल को हल्दी लगाई गई। भांग का श्रंगार और पंचमेवा का भोग लगाया गया। भोर के 4 बजे बाबा का श्रंगार होगा। बाबा को भस्म चढ़ाई जायेगी। शाम 6:30 बजे महाआरती तथा 51 लीटर दूध, 11 किलो दही, सवा किलो शहद, सवा किलो शरकरा से अभिषेक होगा। बाद में उसी प्रसाद से ठंडाई भक्तों को वितरित की जाएगी।

नहीं निकलेगी शिव बारात

राजधानी की सबसे बड़ी शिव बारात जो ठाकुरगंज के कल्याण गिरि मंदिर से निकलती थी, इस बार कोरोना के कारण नहीं निकलेगी। मंदिर के पुजारी योगेशाकंद ने बताया कि कोरोना के कारण इस बार शिव बारात नहीं निकाली जायेगी। उस दिन मंदिर में ही सारे कार्यक्रम होंगे।

बॉक्स

फल हो गए महंगे

व्रत को देखते हुए लोग मार्केट में कोटू, सिंघाड़ा का आटा, आलू चिप्स, केला, सेब, संतरा और अंगूर आदि की खरीदारी करते नजर आए। वहीं महाशिवरात्रि के चलते फलों के दामों आसमान पर रहे, जहां 20 फीसद तक फलों के दाम बढ़ गए।

फल दाम रुपये

अंगूर 50-60 प्रति किलो

संतरा 50 प्रति किलो

सेब 120-150 प्रति किला

पपीता 50 प्रति किला

केला 30-40 प्रति दर्जन