लखनऊ (ब्यूरो)। सिविल अस्पताल का एक तथाकथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवक देर रात अस्पताल के अंदर एक साथी का जन्मदिन मनाते हुए दिख रहे हैं। साथ ही उक्त शख्स को बेल्ट से मारने के साथ हंगामा कर रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले की जांच कराकर सख्त एक्शन लिया जाएगा।

सीसीटीवी खंगाला जाएगा

सिविल अस्पताल में कई गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं। ऐसे में यहां लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जाती है। ऐसे में इस वायरल वीडियो से अस्पताल प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं इस मामले में सीएमएस डॉ। आरपी सिंह का कहना है कि वीडियो कहां का है, इसकी जानकारी हासिल की जा रही है। सोमवार को अस्पताल में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जाएंगे। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। जिसने भी यह किया है, उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा।

अस्पताल के कर्मचारी बताये जा रहे

वायरल विडियो में दिखाई दे रहे लोग अस्पताल के ही कर्मचारी बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में गार्ड, इमरजेंसी और ओपीडी के कर्मचारी आदि शामिल हैं। वीडियो इन्हीं के एक साथी ने बनाया है। वीडियो में कुछ युवक गालियां देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। बताया गया कि बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात तक डांस पार्टी का दौर भी चला था। जिसकी अधिकरियों को भनक तक नहीं लगी।