- तीन बीघा जमीन का पांच साल से चल रहा था विवाद

- पैसा न देने का आरोप, र्ईट उखाड़ने पर चली गोलियां

- पारा पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

LUCKNOW : पारा में शुक्रवार को पुराने जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गये। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से कई राउंड फायरिंग भी की गई। फायरिंग में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। मारपीट में दो अन्य भी घायल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजाजीपुरम रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। विवाद के बाद पहुंची पुलिस को आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।

गोली लगने से दोनों पक्षों से दो घायल

पारा के रामपुर गांव निवासी उमेश रावत और बेगरिया निवासी प्रापर्टी डीलर सुशील रावत के बीच तीन बीघा जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। उमेश, उसके पिता जगन्नाथ रावत और मां दुलारी शुक्रवार को मजदूरों के साथ जमीन से सड़क के ईट खोद रहे थे। मामले की जानकारी होने पर सुशील मौके पर पहुंच गया और विवाद शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इतना ही नहीं दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोली उमेश की गर्दन, पेट, हाथ और सुशील के बाएं पैर में लगी जबकि जगन्नाथ और उसकी पत्नी दुलारी के सिर के साथ हाथ में गंभीर चोट आई है।

तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद

फायरिंग की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को राजाजीपुरम के रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में भर्ती, जहां घायलों को ट्रॉमा सेंटर ्ररेफर कर दिया गया। पारा इंस्पेक्टर त्रिलोकी सिंह के मुताबिक उमेश रावत ने पांच साल पहले तीन बीघा जमीन का एग्रीमेंट सुशील रावत को किया था, लेकिन अभी तक जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई थी। इसको लेकर विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट, पथराव व फायरिंग हो चुकी है।

पैसा न देने पर काबिज होने पहुंचे थे

जगन्नाथ के बेटे अशोक रावत ने आरोप लगाया कि पांच साल पहले सुशील व सुनील को तीन बीघा जमीन का एग्रीमेंट किया था, लेकिन वह पैसा नहीं दे रहे थे। कई बार पैसे की मांग भी की गई। इस पर आज पिता जगन्नाथ, मां दुलारी भाई उमेश मजदूर लेकर जमीन पर कब्जा करने के लिए सड़क खोद रहे थे। इसी बीच सुशील, सुनील, दुर्गेश और सुशील के लड़के आए और मारपीट करते हुए कई राउंड फायरिंग कर दी। अशोक ने सुशील, सुनील, दुर्गेश व सुशील के लड़कों के खिलाफ पारा थाना में तहरीर दी है।

लापरवाही का आरोप, पहले भी हो चुका है विवाद

स्थानीय लोगों और पीडि़त पक्ष ने पारा पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। मामले की शिकायत थाने में भी हुई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस अगर उस समय कार्रवाई करती तो आज इतनी बड़ी घटना न होती। पुलिस की लापरवाही के कारण इतनी बड़ी घटना हुई है।