लखनऊ (ब्यूरो)। दुबग्गा में छेडख़ानी का विरोध करने पर शोहदे ने किशोरी के घर पर बम फेंक दिया। धमाका होने से परिवार वाले हड़बड़ा गए। कमरे से बाहर निकलने पर आंगन में कीलें बिखरी मिलीं। किशोरी की मां ने पुलिस को फोन कर वारदात की सूचना दी। उसने आरोप लगाया कि करीब डेढ़ हफ्ते पूर्व भी शोहदे ने घर पर बम फेंकने की चेतावनी दी थी। महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

घर में घुसकर की थी छेड़छाड़

दुबग्गा निवासी 11 वर्षीय किशोरी परिवार संग रहती है। छह मार्च को वह घर के बाहर खड़ी हुई थी। तभी एक युवक आ धमका, जिसने किशोरी को अकेले देख कर छेड़छाड़ शुरू कर दी। पीडि़ता के विरोध पर शोहदा घर में घुस कर बम फेंकने की चेतावनी देने लगा। इस बीच किशोरी ने मदद के लिए शोर मचा दिया। बेटी की आवाज सुन कर महिला दरवाजे पर पहुंची। तब तक शोहदा भाग चुका था। बेटी से पूछताछ करने पर आरोपी की करतूत का पता चला। महिला के मुताबिक, बेटी आरोपी का नाम नहीं बता पा रही थी। ऐसे में उसने मुकदमा दर्ज नहीं कराया। पीडि़ता के मुताबिक, 10 मार्च की सुबह भी घर के दरवाजे पर कई बार दस्तक दी गई थी। बाहर निकलने पर कोई नजर नहीं आया था।

सुतली बम में भरी थीं कीलें

महिला का दावा है कि रविवार तड़के घर में तीन बम फेंके गए। एक बम दरवाजे पर मारा गया। वहीं दो बम आंगन में आकर गिरे। धमाके से कमरे में रखा कुछ सामान भी टूट गया है। परिवार पीछे वाले कमरे में था। ऐसे में किसी को चोट नहीं लगी। फेंके गए बम में बारूद के साथ कीलें और लोहे की कतरन भरी हुई थी। गनीमत रही कि बम परिवार के किसी सदस्य को नहीं लगा। इंस्पेक्टर दुबग्गा प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।