- मलिहाबाद पुलिस ने समाजसेवी और स्थानीय लोगों की सहमती पर कराई शादी

- प्रेमी युगल चार वर्षो से एक दूसरे को करते थे प्यार

LUCKNOW: खाकी के कई रंग होते हैं। चोर, बदमाशों के लिए सख्त तो मजलूम और गरीबों को न्याय दिलाने में हर संभव कोशिश करती है खाकी। इससे परे कुछ ऐसा काम भी करती है जिससे समाज में उदाहरण बन जाता है। मलिहाबाद पुलिस ने भी कुछ ऐसा ही किया। चार साल से प्यार के बंधन में बंधे एक प्रेमी जोड़े ने पुलिस से शादी कराने की गुहार लगाई। इस पर पुलिस ने दोनों के बालिग होने पर समाजसेवी और स्थानीय लोगों की सलाह पर प्रेमी जोड़े को सात फेरों के बंधन में बांध दिया।

चार साल से चल रहा था अफेयर

मूलरूप से हरदोई के कासिमपुर मौलवी खेड़ा निवासी दीपक कुमार सैनी का मलिहाबाद के रहीमाबाद की मोहिनी से चार वर्षो से अफेयर चल रहा था। दोनों ही कई महीनों से शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिवार वाले राजी नहीं थे। बुधवार को दोनों अपनी फरियाद लेकर रहीमाबाद चौकी पहुंचे।

पुलिस ने कराई मंदिर में शादी

रहीमाबाद चौकी इंचार्ज द्वारिका प्रजापति ने दोनों की फरियाद सुनी। उनके बालिग होने के प्रमाण के साथ-साथ स्थानीय लोगों को बुलाकर इसकी जानकारी दी। समाजसेवी और स्थानीय लोगों के कहने पर चौकी इंचार्ज ने दोनों की चौकी स्थित मंदिर में न केवल शादी कराई बल्कि दोनों को आशीर्वाद भी दिया। इस मौके पर स्थानीय लोग रमेश सिंह चौहान, प्रदीप द्विवेदी, अशोक पांडे, सिराज हुसैन सहित तमाम लोग मौजूद थे।