लखनऊ (ब्यूरो)। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से चलाए जा रहे अभियान 'गोमती, ग्लोरी, गॉन' का व्यापक असर देखने को मिला। इस अभियान से जुड़कर स्वच्छ पर्यावरण सेना के सैकड़ों सदस्यों ने गोमती सफाई के लिए व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया। करीब पांच से छह घंटे तक चले अभियान के दौरान गोमती के आंचल से 25 कुंतल से अधिक वेस्ट निकाला गया। सफाई अभियान के बाद समिति के सभी सदस्यों ने गोमा को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इस दिशा में जागरूक करने की शपथ ली।

प्रमुखता से चलाया अभियान

सिस्टम की लापरवाही से बदहाली का शिकार गोमा की असली तस्वीर सामने लाने के लिए दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की ओर से एक अभियान चलाया गया था। इस अभियान में हर उस कारण को सामने लाया गया था, जिनकी वजह से गोमा मैली हो रही है। इसके साथ ही यह भी बताया गया था कि गोमती सफाई के लिए अभी तक कितनी योजनाएं बनीं और उनका क्या हश्र हुआ। बदहाली के लिए जिम्मेदार सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए थे।

लगातार जुड़ती रही पब्लिक

अभियान की शुरुआत के पहले दिन से ही लोगों का साथ मिलना भी शुरू हो गया था। सोशल मीडिया के माध्यम से लोग अपने सुझाव भेज रहे थे। इसके साथ ही यह भी बता रहे थे कि किस तरह से गोमा को स्वच्छ बनाया जा सकता है।

समिति ने बढ़ाए अपने कदम

लंबे समय से गोमती सफाई अभियान से जुड़ी स्वच्छ पर्यावरण सेना भी डीजे आईनेक्स्ट की मुहिम से जुड़ी और रविवार को गोमती किनारे स्थित झूलेलाल पार्क घाट पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया। समिति के 200 से अधिक लोगों ने पांच से छह घंटे तक श्रमदान करके गोमती में जमा गंदगी को बाहर निकाला और उसका निस्तारण भी किया।

भारी मात्रा में निकला वेस्ट

सफाई अभियान के दौरान गोमती नदी से भारी मात्रा में वेस्ट निकाला गया। स्वच्छ पर्यावरण सेना के संयोजक रणजीत सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान 25 कुंतल से अधिक वेस्ट निकाला गया। जो वेस्ट निकला, उसमें प्लास्टिक वेस्ट करीब 40 से 45 फीसदी रहा। उन्होंने व उनकी टीम ने संकल्प लिया कि हर रविवार को वे लोग गोमती के किनारे सफाई अभियान जरूर चलाएंगे। इसके साथ ही लोगों को भी जागरूक करेंगे कि गोमती में वेस्ट न डालें। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर भी उनकी ओर से लोगों को गोमती सफाई के लिए प्रेरित किया जाएगा।

ये संकल्प लिया

अभियान के दौरान स्वच्छ पर्यावरण सेना के मेंबर्स की ओर से ये संकल्प भी लिए गए

1-गोमा को हर हाल में स्वच्छ बनाएंगे

2-किसी को भी वेस्ट फेंकने नहीं देंगे

3-गोमा के किनारे स्वच्छता बोर्ड लगवाएंगे

4-प्लास्टिक वेस्ट की भयावहता से अवगत कराएंगे

5-हर रविवार को व्यापक सफाई अभियान चलाएंगे

हमारा प्रयास यही है कि गोमा को हर हाल में स्वच्छ रखा जाए। हम अपने स्तर से तो नियमित रूप से सफाई अभियान चलाएंगे ही साथ में पब्लिक को भी इस दिशा में जागरूक करेंगे।

रणजीत सिंह, संयोजक, स्वच्छ पर्यावरण सेना