लखनऊ (ब्यूरो)। चक गजरिया स्थित कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर संस्थान में कैंसर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी। रविवार को सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा यहां कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ओटी ब्लॉक का भी लोकार्पण किया गया। ऐसे में कैंसर सर्जरी का इंतजार कर रहे मरीजों की वेटिंग का समय कम होगा और समय पर उनको पूर्ण इलाज भी मिल सकेगा।

8 माड्यूलर ओटी तैयार

कैंसर संस्थान की ओपीडी में रोजाना 100 मरीज आते हैं। इस समय दो माड्यूलर ओटी चल रही हैं, जहां 4 से 6 सर्जरी की जा रही हैं। पर अब 8 अन्य माड्यूल ओटी बनकर तैयार हो गई हैं, जिनमें जल्द सर्जरी शुरू हो जायेगी। ऐसे में जिन मरीजों को सर्जरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था, उनको बड़ी राहत मिलेगी।

भर्ती के लिए मिली मंजूरी

संस्थान के निदेशक डॉ। आरके धीमन ने कहा कि मौजूदा समय में 100 बेड पर मरीजों का इलाज चल रहा है। 8 ओटी शुरू हो गए हैं। इसके अलावा 150 बेड 15 दिन में और 734 बेड अगले ढाई माह में एक्टिव कर दिए जाएंगे। साथ ही डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ की भर्ती के लिए शासन से मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रकिया शुरू कर दी गई। डॉक्टर की तैनाती होते ही बेड का विस्तार कर मरीजों की भर्ती शुरू हो जाएगी।

इसे भी जानें

- रेडियोथेरेपी देने के लिये अत्याधुनिक 6 लीनियर एक्सीलिरेटर का प्राविधान

- 2 लीनियर एक्सीलिरेटर चालू हैं। रोज 90 से 100 मरीजों की हो रही रेडियोथेरेपी

टाटा कैंसर अस्पताल से चल रही बात

कल्याण सिंह की प्रतिमा का अनावरण और ओटी ब्लॉक के लोकार्पण समारोह के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के कैंसर मरीजों को दिल्ली और मुंबई जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बल्कि मुंबई के टाटा कैंसर अस्पताल की तर्ज पर लखनऊ के कल्याण सिंह सुपर स्पेशियल्टी कैंसर संस्थान में मरीजों को पूर्ण इलाज मिलेगा। कैंसर के बेहतर इलाज के लिए टाटा कैंसर अस्पताल से बातचीत चल रही है। जल्द ही उसी की तर्ज पर यहां अत्याधुनिक तकनीक से मरीजों का इलाज किया जाएगा। यह संस्थान यूपी समेत दूसरे प्रदेशों के कैंसर मरीजों को रोग से मुक्ति देगा। इसके अलावा कैंसर संस्थान में 735 बेड की क्षमता को बढ़कर 1200 बेड किया जाएगा। इसके लिए नये ब्लॉक का निर्माण जल्द शुरू होगा। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव मौर्या और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर व बीएल वर्मा, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व सीएम कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह व पोते मंत्री संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

734 बेडों की क्षमता

कैंसर संस्थान उत्तर भारत का एकमात्र ऐसा संस्थान है, जिसे कैंसर से ग्रसित मरीजों के उपचार के लिये राज्य सरकार द्वारा 2016 में स्थापित किया गया था। यहां 734 बेड की क्षमता है। अस्पताल से संबंधित विभिन्न सेवाओं को पूरा करने के लिए 13 प्रमुख बिल्डिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। संस्थान के 13 ब्लॉक 100 एकड़ भूमि में हैं। जिसमें 339 बिस्तरों वाला भूतल और 9 फ्लोर युक्त आईपीडी ब्लॉक, 200 बिस्तारों वाला भूतल और 5 फ्लोर युक्त आईपीडी ब्लॉक, 110 बिस्तरों वाला ऑपरेशन थियेटर ब्लॉक, 53 बिस्तरों वाला ओपीडी ब्लॉक, 33 बिस्तरों वाला रेडियेशन ऑन्कोलॉजी ब्लॉक की व्यवस्था है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा।