- गलियों की लंबाई-चौड़ाई के हिसाब से तैयार किया गया एक्शन प्लान

- सफाई कर्मियों पर रहेगी खास नजर, सकरी गलियों में फोकस

LUCKNOW शहर की हर एक गली को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन की ओर से छह बिंदुओं का चक्रव्यूह तैयार किया गया है। इन बिंदुओं के आधार पर कदम उठाए जाएंगे, जिससे किसी भी गली में गंदगी नजर नहीं आएगी। इतना ही नहीं, लापरवाह सफाई कर्मियों पर भी नजर रखने की तैयारी की गई है। इसके साथ ही पब्लिक फीडबैक पर भी फोकस किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा तैयार छह बिंदुओं पर फोकस करती अभिषेक मिश्र की रिपोर्ट

1-वेस्ट कलेक्शन-अक्टूबर तक शत प्रतिशत घरों से वेस्ट कलेक्शन किया जाने लगेगा। गलियों से भी नियमित रूप से वेस्ट उठेगा और सुरक्षित तरीके से शिवरी प्लांट भेजा जाएगा।

2-नाले-नालियों की सफाई-हर जोन में प्रमुख नाले-नालियों की सफाई पर भी फोकस किया गया है। नाले-नालियों के साफ होने से जलभराव की समस्या भी सामने नहीं आएगी। नाला सफाई का कार्य लगभग पूरा भी हो गया है।

3-आवारा जानवर-आवारों जानवरों और अवैध डेयरियों के खिलाफ भी नियमित रूप से अभियान चलेगा। तीसरा कान्हा उपवन के लिए भी जगह चिन्हित कर ली गई है।

4-अतिक्रमण-सभी आठ जोन में अतिक्रमण की समस्या है। सभी जोनल अधिकारियों को नियमित रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

5-पॉलीथिन-प्लास्टिक-निगम टीमों की ओर से बाजार एरिया में चेकिंग अभियान चलाकर पॉलीथिन-प्लास्टिक से निर्मित उत्पाद जब्त किए जाएंगे, नियमित स्पॉट फाइन भी करना होगा।

6-सेनेटाइजेशन-कोरोना के संक्रमण को देखते हुए जोनवार सेनेटाइजेशन का प्लान तैयार किया गया है। इसकी जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को दी गई है। जोनवार सेनेटाइजेशन प्लान बनने से हर गली में प्रॉपर सेनेटाइजेशन हो सकेगा।

पहले भी कवायद

निगम प्रशासन की ओर से पहले भी इसी तरह की कवायद की गई थी, लेकिन कोई खास रिस्पांस सामने नहीं आया था। निगम प्रशासन ने अब नए सिरे से उक्त बिंदुओं को इंप्लीमेंट करने के लिए कमर कसी है।

स्मार्ट वॉच पर फोकस नहीं

सफाई कर्मियों की लोकेशन पर नजर रखने के लिए उन्हें स्मार्ट वॉच दी गई थी। कुछ समय तक तो सफाई कर्मियों की कलाई पर स्मार्ट वॉच नजर आई लेकिन गुजरते वक्त के साथ स्मार्ट वॉच गुम होकर रह गई। निगम प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस बार निगम प्रशासन ने गलियों की लंबाई-चौड़ाई के हिसाब से सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाने का फैसला लिया है, जिससे जो गली बड़ी होगी, वहां पर अधिक सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। जिससे प्रॉपर सफाई हो सकेगी।

वर्जन

हमारा प्रयास यही है कि शहर की हर एक गली से कूड़ा उठे और प्रॉपर सफाई हो। इसके लिए कई बिंदुओं पर रणनीति तैयार की गई है।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त