लखनऊ (ब्यूरो)। कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी के बगल में बने राजाराम पाल सिंह पार्क में बदहाल हो चुकी छोटी बारादरी के रेनोवेशन का काम शुरू हो गया है। स्मार्ट सिटी के तहत पार्क और छोटी बारादरी या कहें छतरी का रेनोवेशन किया जा रहा है। यह ऐतिहासिक इमारत लंबे वक्त से जर्जर थी। छोटी बारादरी को संवारने के लिए एलडीए की ओर से बजट जारी किया जा चुका है। चार से छह माह में इसका काम पूरा किया जाएगा।

200 साल पुरानी इमारत
शहर के हेरिटेज आर्किटेक्ट आशीष श्रीवास्तव छोटी बारादरी को संवारने का काम कर रहे हैं। वे बताते हैं कि 2004 में हमने वाजिद अली शाह के नक्शे के हिसाब से उस जगह का रेनोवेशन किया था। यह इमारत करीब 200 साल पुरानी है और सिंगल पीस मार्बल से बनाई गई थी। इसके रिनोवेशन का बजट आवंटित हो चुका है। छह माह में काम पूरा कर लिया जाएगा।

ताज महल वाले पत्थर
उन्होंने बताया कि छोटी बारादरी की जर्जर छतरी की मरम्मत करीब 30 लाख रुपए से होगी। छतरी एक कृत्रिम तालाब से घिरी है। पार्क में स्वतंत्रता सेनानी राजा रामपाल सिंह की मूर्ति भी है। छतरी को हम मकराना के संगमरमर से संवारेंगे। पत्थर राजस्थान से मंगवाया जा रहा है। छोटी बारादरी के केंद्र में बनी छतरी का अधिकांश हिस्सा नष्ट हो चुका है। छतरी का एक चौथाई भाग अभी वहां है। यह वही संगमरमर है जिसका इस्तेमाल ताज महल बनाने में किया गया है।

पार्क भी संवारेंगे
आशीष बताते हैं कि यह काम हमें स्मार्ट सिटी के तहत करना है। इसके लिए तीन करोड़ का बजट जारी हुआ है। हम छतरी के अलावा पार्क को सीनियर सिटीजन और बच्चों के अनुरूप फ्रेंडली बनाएंगे। इसमें झूले व एक्सरजाइस के लिए इक्विपमेंट लगाने पर भी विचार कर रहे हैंं।