- मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क में दर्शकों के लिए किया मिग-21 का लोकार्पण

- नगर विकास मंत्री आजम खान रहे मौजूद, बांटे गये तीन सौ ई-रिक्शा

LUCKNOW: किसी ने फोटो खिंचवा कर अपलोड की, तो बुरा हाल हो गया। सेल्फी ली होती तो जाने क्या हाल होता। वहीं बीजेपी को सेल्फी की बीमारी है। तमाम ताकतें दूसरी बहस छेड़ना चाहती हैं। अब इसका भी रास्ता तलाशना होगा। हमारे साथ तो सब आसानी से फोटो खिंचवा लेते हैं। दिल्ली वाले प्रदूषण से परेशान हैं जबकि हमने मेट्रो, ई-रिक्शा और साइकिल के कॉम्बिनेशन से इसका हल भी निकाल लिया। अब बारी हमारे चुनाव की है। अभी से तैयारी करेंगे तो कोई हमें हरा नहीं पायेगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कुछ ऐसे ही चुटकीले अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधा तो साथ ही कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतरने का संकेत भी दिया।

मिग-21 का किया लोकार्पण

गुरुवार को मुख्यमंत्री ने जनेश्वर मिश्र पार्क में दर्शकों के लिए फाइटर प्लेन मिग-21 का लोकार्पण किया। बाद में उन्होंने तीन सौ ई-रिक्शा वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सपा ने चार साल में सारे चुनावी वादे पूरे किये। तमाम राज्य सपा की योजनाओं की नकल कर रहे है। जनेश्वर मिश्र पार्क पर बोले कि आबादी के बीच इतना बड़ा पार्क कोई नहीं बना सकता। अखबार वालों ने कहा कि छुट्टियों में एक लाख लोग यहां आए। हमारे लोगों ने कहा होता मैं पचास हजार ही मानता। अखबारों ने कहा है तो जरूर डेढ़ लाख से कम लोग नहीं आये होंगे। जल्द ही सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे भी बना देंगे। इसे पूर्वाचल से भी जोड़ेंगे। बजट में किसानों और युवाओं को ज्यादा तरजीह दी जाएगी। पंचायत चुनाव अच्छा जीते हैं, अब बारी हमारे चुनाव की है।

मोस्ट हेट्रड पर्सन ऑफ सोसाइटी

'आई एम दि मोस्ट हेट्रड पर्सन ऑफ सोसाइटी', मैं तो जो महसूस करता हूं वहीं बोलता हूं। कई बार अपनी गलतियों का इकरार भी कर चुका हूं। फिर भी न जाने क्यों पत्थर मारने वालों के हाथ नहीं रुकते। पूरी दुनिया पत्थर फेंकने लगेगी तो समाज नहीं बचेगा। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री आजम खान ने इन शब्दों के साथ अपने दिल की बात कही। कहा कि लव जेहाद, घर वापसी का नारा मुल्क में डर का माहौल पैदा करता है। पिक्चर हॉल में जाने में डर लगता है। केवल समाजवादी विचारधारा ही जीने का सही माहौल दे सकती है। ई-रिक्शा वितरण पर उन्होंने कहा कि आदमी ही आदमी को ढो रहा था। यह समाज पर एक बोझ था। सपा ने गरीबों के लिए अपना खजाना खोलने में कभी कंजूसी नहीं की।

सपाईयों की नारेबाजी से हुए परेशान

कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं की नारेबाजी से अखिलेश यादव व आजम खान कुछ परेशान भी दिखे। आजम खान ने पहले तो कई बार कार्यकर्ताओं को मना किया, बाद में उन्होंने कार्यक्रम स्थल से चले जाने की चेतावनी भी दे डाली। वहीं मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ नये कार्यकर्ता पार्टी से जुड़े हैं। उन्हें पता नहीं है कि कब और कहां नारा लगाना है।