लखनऊ (ब्यूरो)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंटरमीडिएट में पास हुए मेधावी छात्रों की बुधवार को अपने आवास पर पाठशाला लगाई। उन्होंने छात्रों को हिदायत दी कि अगर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होना है तो उन्हें रोजाना समाचार पत्र पढऩे की आदत डालें। साथ ही हर दिन लाइब्रेरी जाएं, सुबह जल्दी उठे योग करें। उन्होंने छात्रों को परिश्रम करने की भी सीख दी। सीएम योगी ने मेधावी छात्रों से संवाद करते हुए पूछा इसमें से कितने बच्चे हैं जो नियमित रूप से लाइब्रेरी जाते हैं। आपमें से कोई नहीं जातालाइब्रेरी जरूर जाया करियेपूछा आपमें से कितने न्यूजपेपर पढ़ते हैं। कमोबेश सभी बच्चे शांत रहे। सिर्फ प्रज्ञा यादव ने कहा कि वह न्यूजपेपर पढ़ती हैं। योगी बोले सिर्फ अपने से ही जुड़ी न्यूज न पढ़ें, पूरी न्यूज को पढऩे की आदत डालें। बहुत बार मुख्य हेडिंग और अंदर के समाचार में अंतर होता है। इसलिए हेडिंग ही न पढ़ें बल्कि गहनता से पूरी न्यूज पढ़ें। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र रोज आपको अपडेट करेगा।

छात्र अभ्युदय कोचिंग में वर्चुअली जुड़ें

मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी छात्रों से भविष्य की तैयारियों के बारे में पूछा। बोले, पूरे विश्वास के साथ तैयारी करें। घबराएं नहीं, विश्वास रखें कि सफलता जरूर मिलेगी। छात्रों से पूछा, आप में कितनों ने सरकार द्वारा प्रतियोगी छात्रों के लिए शुरू की गई अभ्युदय कोचिंग के बारे में सुना है। कहा कि उप्र सरकार ने हर स्तर के बच्चों के लिए एनडीए की तैयारी के लिए नीट, आईआईटी-जेईई की तैयारी करना चाहते हैं। उनके लिए अभ्युदय कोचिंग शुरू की है। बहुत सारे बच्चों के माता-पिता महंगी फीस नहीं दे पाते इसलिए सरकार ने अभ्युदय कोचिंग की शुरुआत की है। वे लोग इसका संचालन कर रहे हैं जो उसे पास कर चुके हैं। वर्चुअल क्लासे को कोई भी देख सकता है। वर्चुअल में तो किसी भी जगह से कहीं से भी देख सकते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अनुशासित रहने और नियमित योग करने की भी सीख दी। उन्होंने कहा कि समय पर सोने की आदत डालें। जीवन में नियम और संयम जब भी रहेगा, व्यक्ति स्वस्थ रहेगा।

प्रधानाचार्यों की भी लगी क्लास

सीएम ने एक-एक कर सभी प्रधानाचार्यों से उनके स्कूल और मेधावी छात्रों के मूल्यांकन के बारे में विस्तार से जानकारी की। पूछा कि ऐसे कितने प्रधानाचार्य हैं, जो शासन की योजनाओं को अवगत कराते हैं। केंद्र व राज्य की योजनाओं को बता पाएंगे जो युवाओं के हित में हों। सभी प्रधानाचार्यों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना व अभ्युदय की जानकारी जरूरी है। बेटी बढ़ाओ और बेटी पढ़ाओ की जानकारी होनी चाहिए। पीएम स्टैंडअप, स्टार्टअप योजना क्या है, मुद्रा योजना क्या है, डिजिटल इंडिया क्या है, यह जानकारी होगी तो हम स्कूल में मार्निंग असेंबली में 15 मिनट या आधे घंटे का टॉक दे सकते हैं। छात्रों के लिए ये योजनाएं किस प्रकार से उपयोगी हैं, इसकी प्रक्रिया क्या है। सीएम ने कहा कि समस्याएं तब शुरू होती हैं, जब उनकी जानकारी नहीं होती है। छात्र कोर्स पूरा करने के बाद भटकते रहते हैं। शिक्षण संस्थाएं शासन की योजनाओं से अलग नहीं रह सकते हैं।

छोटी-छोटी बातों का भी रखें ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफल व्यक्ति वही होता है जो छोटी-छोटी बातों को ध्यान देकर गलती का परिमार्जन समय पर कर देता है। जो लापरवाह होता है, मैं तो सब जान रहा हूं सब कर दूंगा। वही हमेशा विफल होता है। गलतियों को सुधार कर आगे बढ़ जाता है। वह फिर छात्रों से मुखातिब हुए पूछा, आप लोग क्लास अटेंड करते हैं। हमेशा जाते हैं क्लास में या कोचिंग में ज्यादा जाते हैं। नियमित अटेंड करते हैं। सभी छात्रों ने कहा नियमित क्लास अटेंड करते हैं तो बोले बहुत सुंदर। शासन की योजनाओं को अपडेट रखें। हर संस्थाएं जिनके छात्र मेधावी हैं। एक प्रजेंटेशन तैयार करिए। प्रधानाचार्यों के जरिये सभी विद्यालयों के साथ करना चाहिए। सभी प्रधानाचार्यों की बैठक रविवार को बुलाइये। उन सभी के सामने प्रस्तुतिकरण तैयार करें। जिन छात्रों में कमी कहां रह गई है। कमी दूर कर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्था बढ़ाएं।