- खुर्रमनगर फ्लाईओवर निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी

- आईआईएम फ्लाईओवर का टेंडर भी जल्द होने वाला है

LUCKNOWइंतजार की घडि़यां समाप्त होने वाली हैं। दो महीने के बाद मतलब नवंबर से दो फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होने जा रहा है। इसके लिए सारी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। इन दोनों फ्लाईओवर के बनने के बाद ट्रांसगोमती एरिया में ट्रैफिक और भी स्मूथ हो जाएगा।

ये हैं दो फ्लाईओवर

ट्रांसगोमती एरिया में दो फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाना है। एक फ्लाईओवर खुर्रमनगर से सेक्टर 25 इंदिरा नगर तक बनना है जबकि दूसरा आईआईएम से मडि़यांव क्रॉसिंग तक। अभी फ्लाईओवर न होने से उक्त एरिया से गुजरने वाले लोगों को जाम रूपी समस्या का सामना करना पड़ता है। कई बार तो जाम की समस्या इतनी विकराल हो जाती है कि लोगों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में घंटों लग जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए ही उक्त दोनों फ्लाईओवर का प्रोजेक्ट तैयार किया गया था।

जुलाई-अगस्त में होना था शुरू

पहले जुलाई-अगस्त में खुर्रम नगर फ्लाईओवर का निर्माण शुरू होना था लेकिन टेंडर न होने के कारण यह शुरू नहीं हो सका। अब टेंडर हो गया है, ऐसे में अब अगले माह के अंत या नवंबर के पहले सप्ताह में इसका निर्माण शुरू कराया जा सकता है। हालांकि यह भी संभावना है कि इससे पहले भी निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।

आईआईएम फ्लाईओवर का टेंडर जल्द

दूसरे फ्लाईओवर की बात की जाए तो आईआईएम फ्लाईओवर के निर्माण के लिए टेंडर जल्द होने वाला है। जानकारी के अनुसार, अगले माह तक टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवंबर माह से इसका निर्माण भी शुरू कराया जा सकता है।

चौराहों पर अंडरपास भी बनाए जाएंगे

फ्लाईओवर के तहत आने वाले चौराहों पर अंडरपास भी बनाए जाएंगे। जिससे ट्रैफिक संबंधी कोई भी समस्या उत्पन्न न हो।

180 करोड़ बजट

खुर्रमनगर फ्लाईओवर के निर्माण के लिए करीब 180 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही यह करीब ढाई से तीन किमी लंबा होगा। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद 30 हजार से अधिक लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलना तय है।

शहीद पथ फ्लाईओवर का काम तेज

मुआवजा संबंधी विवाद हल होने के बाद शहीद पथ फ्लाईओवर के निर्माण में तेजी आती नजर आ रही है। जिस रफ्तार से काम हो रहा है, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि नए साल में इस फ्लाईओवर से लोग फर्राटा भर सकेंगे।

वर्जन

पूरा प्रयास यही है कि अक्टूबर लास्ट या नवंबर से दोनों फ्लाईओवर्स का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाए। इसके साथ ही निर्धारित समय में ही फ्लाईओवर का निर्माण पूरा भी होगा। जिससे जनता को खासी राहत मिलेगी।

दिवाकर त्रिपाठी, सांसद प्रतिनिधि