- मुर्गा लड़ाई में एक मुर्गे की फूटी थी आंख

- मुर्गा मालिक के शिकायत करने पर हुआ विवाद

LUCKNOW: मुर्गे की लड़ाई का खेल खूनी खेल बन गया। गोसाईगंज में दो अलग-अलग मुर्गे की लड़ाई में एक मुर्गे की आंख फूट गई। आंख फूटने पर मुर्गा मालिक शिकायत लेकर पहुंचा तो कहासुनी ने विवाद का रुप से लिया। दोनों मालिकों के बीच पनपा झगड़ा इस कदर भड़का कि गोलियां चल गई। तमंचे से निकली गोली मुर्गा मालिक के गले में लगी और उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। फायरिंग से सनसनी फैल गई। गोली मारने वाले को परिवार और स्थानीय लोगों ने दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भी गंभीर हालत में इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया।

हमलावर को फावड़े और लाठी से पीट कर बेदम किया

गोसाईगंज के बरकत गांव के पास स्थित सूर्या भट्ठे पर शुक्रवार की शाम भट्टा मजदूर तम्बौर सीतापुर निवासी शमशाद व मेराज के मुर्गे लड़ गये। लड़ाई में मेराज के मुर्गे की आंख फूट गई तो मेराज शमशाद से शिकायत करने पहुंच गया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ने पर शमशाद ने मेराज को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से मेराज वहीं गिर गया। इस घटना को देखकर मेराज के घर वालों ने शमशाद को पकड़ कर फावड़े व लाठियों से जमकर पिटाई कर दी। जिससे वह मरणासन्न हो गया। विवाद के बाद वहां हड़कम्प मच गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मजदूरों को ट्रॉमा सेंटर भेजवाया जहां मेराज की मौत हो गई और शमशाद जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है।

रिश्ते में चल रही थी खटास

शमशाद व मेराज में रिश्तेदारी रही है। रिश्ते को ही लेकर दोनो में पहले से ही विवाद और मनमुटाव चला आ रहा है। भट्ठे पर दोनो की अगल बगल ही झुग्गी बनी हुई हैं। मुर्गे की लड़ाई के बाद उनके झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वहीं मुर्गे के झगड़े में घायल मुर्गे की भी मौत हो गई। पुलिस मेराज और शमशाद को लेकर ट्रामा सेंटर पहुंची। जहां मेराज की मौत हो गई और शमशाद की हालत गंभीर बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस में किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। गोसाईगंज पुलिस भी ट्रामा सेंटर में मौजूद थी।