- सर्वाधिक 67 संक्रमित इंदिरा नगर में मिले

- लखनऊ यूनिवर्सिटी के पूर्व परीक्षा नियंत्रक की मौत

LUCKNOW:

होली के बाद कोरोना संक्रमण के मामले काफी तेजी से बढ़ने का जो अंदेशा स्वास्थ्य विभाग जता रहा था, वह पूरी तरह सही साबित होता नजर आ रहा है। करीब सात माह बाद गुरुवार को एक बार फिर राजधानी में संक्रमितों की संख्या नौ सौ पार पहुंच गई है। गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार राजधानी में 935 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इससे पहले 30 अगस्त को यहां 999 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। गुरुवार को 162 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया और संक्रमण की वजह से दो लोगों की जान भी गई। मृतकों में एलयू के पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो। एके शर्मा भी शामिल हैं, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।

वैक्सीनेशन के बाद भी संक्रमित

वैक्सीन की दोनों डोज लगने के बाद भी संक्रमित होने का एक नया मामला भी राजधानी में गुरुवार को सामने आया है। लोकबंधु अस्पताल के डॉ। संजीव खुराना को वैक्सीन की पहली डोज 22 जनवरी और दूसरी डोज 19 फरवरी को लगी थी। अस्पताल के एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टसर बाहर गये थे। गले में खराश, नाक बहने और बुखार पर उन्होंने जांच कराई, जो पॉजिटिव आई है। वहीं संस्थान के हड्डी रोग विशेषज्ञ की डॉक्टर वाइफ कोरोना पॉजिटिव आई हैं।

इंदिरा नगर में 67 मरीज

गुरुवार को सर्वाधिक 67 कोरोना संक्रमित इंदिरा नगर में मिले हैं। गोमती नगर में 59, आलमबाग में 39, महानगर में 35, हजरतगंज में 42, अलीगंज में 29, तालकटोरा में 41, चौक में 42, रायबरेली रोड में 22, जानकीपुरम में 29, बाजारखाला में 21 और विकास नगर में 23 समेत अन्य जगहों पर पाजिटिव मरीज पाये गये हैं।

एक्टिव होम आइसोलेशन में 2701

गुरुवार को कुल 208 रोगियों को हॉस्पिटल आवंटन किए गए और देर शाम तक 107 रोगियों को भर्ती कराया गया। 101 रोगियों ने होम आईसोलेशन के लिए अनुरोध किया। इस समय एक्टिव होम आइसोलेशन में 2701 मरीज हैं। वहीं कोविड कंट्रोल रूम से होम आइसोलेशन के 2200 मरीजों से फोन के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई। हेलो डॉक्टर सेवा में 62 मरीजों द्वारा स्वास्थ संबंधी परामर्श लिया गया। हेलो डॉक्टर सेवा मे 0522-3515700 कोविड संबंधित स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कोविड कमांड कंट्रोल रूम 0522-4523000 और 0522-2610145 पर भी जानकारी की जा सकती है।

प्रशासन सख्त, मॉल और बार किए सील

तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए अब जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ चुका है। गुरुवार को कोरोना प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने फन मॉल और माय बार सहित सात प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया है। वहीं शुक्रवार से शहर की मंडियों में फुटकर बिक्री पर भी रोक लग गई है। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों और बाजारों में सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय किए जा रहे हैं। हनुमान सेतु मंदिर में गर्भगृह तक जाने पर रोक लगा दी गई है और मास्क पहनकर प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं से कहा गया है। कई और मंदिरों में प्रतिबंधों को लागू कर दिया गया है।