- हत्या के बाद दोनों के शव नदी में फेंके जाने की आशंका, शिनाख्त नहीं

LUCKNOW: गोमती नदी में रविवार को एक युवक और युवती का शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या की गई है। शवों की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा।

25 साल बताई जा रही उम्र

इंस्पेक्टर हसनगंज यशकांत सिंह के मुताबिक झूलेलाल पार्क के पास गोमती नदी में युवक युवती के शव देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मल्लाहों की मदद से पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों से पुलिस ने शवों की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इंस्पेक्टर का कहना है कि युवक युवती की उम्र करीब 25 साल है। युवक व युवती ने नीले रंग का कपड़ा पहन रखा था। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है। दोनों शव कहीं और से बहकर यहां आए हैं। युवक के हाथ में बैंड भी मौजूद था।

लगाया अभद्रता का आरोप

उधर, शवों के गोमती नदी से निकालने के दौरान एक युवक वीडियो बना रहा था। इसे देखकर चौकी इंचार्ज लखनऊ विश्वविद्यालय इंद्र कुमार तिवारी नाराज हो गए। युवक खुद को पत्रकार बता रहा था। युवक ने चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप लगाया है। इंटरनेट मीडिया पर चौकी इंचार्ज का वीडियो भी वायरल हुआ है।