लखनऊ (ब्यूरो)। बायोमीट्रिक हाजिरी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए गुरुवार को लोहिया संस्थान के संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि बायोमीट्रिक हाजिरी में गड़बड़ी हो रही है। लगातार शिकायत की जा रही है। गड़बड़ी की वजह से कटकर मानदेय आ रहा है। लोहिया संस्थान के कर्मचारियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। बायोमीट्रिक हाजिरी में गड़बड़ी से सैकड़ों कर्मचारियों की तनख्वाह कट गई। आक्रोशित कर्मचारी प्रशासनिक भवन के बाहर मौजूद होकर प्रदर्शन किया।

समय पर नहीं आ रहा वेतन

डॉ। राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने दोपहर में प्रशासनिक भवन का घेराव किया। संघ के अध्यक्ष विकास तिवारी का आरोप है कि संविदा कर्मचारियों को कम वेतन मिल रहा है और वह भी समय पर नहीं मिल रहा। मैनपावर संस्था सुदर्शन फैसल्टीज प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं।

ड्रेस की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

विकास तिवारी का आरोप है कि संस्थान में ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है। सुदर्शन संस्था कर्मचारियों को ड्रेस बांट रही है। उसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है। शिकायत के बावजूद कार्यदायी संस्थान खराब गुणवत्ता की ड्रेस का वितरण कर रही है। कर्मचारियों पर निरंतर ड्रेस पहनने का दबाव बनाया जा रहा है।

बिना कारण निकाला जा रहा है

संघ के पदाधिकारियों का आरोप है कि संविदा कर्मचारियों को बिना वजह निकाला जा रहा है। मरीज की छोटी शिकायत पर कर्मचारियों को निष्कासित किया जा रहा है। शिकायत के बावत कर्मचारी से कोई स्पष्टीकरण तक नहीं मांगा जाता है।