लखनऊ (ब्यूरो)। बंगला बाजार, आशियाना में सोमवार को तिरंगा यात्रा के दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया। पथराव में एक गुट के युवक को चोट आई है। दोनों गुट तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। इसी दौरान वे आमने-सामने आ गए। डीसीपी पूर्वी प्राची ङ्क्षसह के मुताबिक, एक गुट तिरंगा यात्रा लेकर तेलीबाग की ओर जा रहा था। वहीं, दूसरा गुट आशियाना की तरफ जा रहा था। रास्ते में दोनों पक्षों में टकराव हो गया।

सोशल मीडिया पर दी थी हमले की धमकी

छानबीन में पता चला कि जेल में बंद सोनू रावत के गुट ने दूसरे पक्ष पर पथराव किया था। घटना से पहले आरोपियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हमले की धमकी भी दी थी। हमले में रवि नाम का युवक घायल हो गया। बवाल की जानकारी पाकर पुलिस बल पहुंचा। घटना स्थल पर दो वाहन क्षतिग्रस्त मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जेसीपी लॉ एंड आर्डर पीयूष मोर्डिया ने आशियाना थाने जाकर मामले की जानकारी ली।

चार आरोपी गिरफ्तार, तीन टीमें बनाई गईं

पुलिस ने आयुष की तहरीर पर सौरभ उर्फ भूरी, फैजान, मंगल रावत, दिलीप, विशाल, आर्यन रावत, बरुन, विपिन कनौजिया, अभिषेक और रोहन रंगबाज समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दिलीप कुमार पाठक, रोहित ङ्क्षसह, अंचल सोनकर और बाबादीन को गिरफ्तार कर लिया। आयुष के मुताबिक, वह स्थानीय विधायक की तिरंगा यात्रा के समर्थन में तेलीबाग से साथियों के साथ निकला था। इसी दौरान उनपर हमला किया गया। आरोपियों पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। डीसीपी ने बताया कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।

मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल

बंगला बाजार में दो पक्षों के बीच टकराव का स्थानीय लोगों ने वीडियो बना लिया। थोड़ी देर में वीडियो वायरल हो गया। पथराव के दौरान वहां भगदड़ मच गई। दुकानदार दुकानें बंद कर भागने लगे। आरोप है कि हमलावर लोहे की रॉड और असलहे लेकर आए थे। पथराव में दुकानदारों के कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।