- घनी आबादी वाले प्रीती नगर एरिया में स्थिति बेहद खराब

- खाली प्लॉट पूरी तरह से कूड़े के ढेरों में तब्दील, लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

LUCKNOWघनी आबादी वाले प्रीती नगर में भी खाली प्लॉट नासूर बन चुका है। आलम यह है कि आवासीय बस्ती में खाली प्लॉट होने से लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाली प्लॉट पूरी तरह से कूड़े के ढेरों में तब्दील हो चुके हैं, जिसकी वजह से मच्छरों के हमले से लोग परेशान हैं। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द खाली प्लॉट रूपी दर्द से राहत मिले।

लंबे समय से समस्या

लोगों की माने तो लंबे समय से एरिया में खाली प्लॉट की समस्या है। प्लॉट के आसपास दीवार न होने के कारण स्थिति बेहद खराब है। कई बार तो कूड़ा प्लॉट के बाहर तक आ जाता है, जिससे उठने वाली दुर्गध के कारण लोगों का घरों के अंदर तक रहना मुश्किल हो जाता है।

फैल सकती बीमारियां

खाली प्लॉट की जो बदहाल स्थिति है, उससे साफ है कि एरिया में संक्रामक बीमारियां भी फैल सकती हैं। लोग मच्छरों के हमले से परेशान हैं साथ ही आवारा जानवरों का भी डेरा रहता है। इसकी वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ जाती हैं। लोगों की माने तो कई बार आवारा जानवर हमला तक कर देते हैं। इसकी वजह से स्थिति खासी खराब हो जाती है। लोगों की माने तो बारिश में तो स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो जाती है।

कोई ध्यान नहीं

लोगों की माने तो कई बार नगर निगम में खाली प्लॉट को लेकर शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन नतीजा सिफर रहा। गुजरते वक्त के साथ हालात और भी ज्यादा खराब होते जा रहे हैं।

बोले लोग

खाली प्लॉट की वजह से खासी परेशानी होती है। प्लॉट में कूड़े के ढेर हैं, जिसकी वजह से मच्छरों का प्रकोप रहता है।

राजेंद्र कुमार बाजपेई, स्थानीय निवासी

खाली प्लॉट में लगे कूड़े के ढेरों को जल्द से जल्द साफ कराया जाना चाहिए, जिससे हर किसी को राहत मिल सके।

राधा बाजपेई

खाली प्लॉट के कारण खासी दिक्कतें होती हैं। प्लॉट में लगे कूड़े के ढेरों से उठती दुर्गध के कारण घर के अंदर रहना भी मुश्किल हो जाता है।

अजीत कुमार सिंह