लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार को शहर में दो जगहों पर भीषण आग लग गई। हजरतगंज के नाजा मार्केट स्थित कबीला रेस्टोरेंट के किचन और जानकीपुरम के मकान में बने प्लास्टिक के गोदाम में आग लग गई। दोनों जगहों पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। रेस्टोरेंट में लगी आग से किचन में काफी नुकसान हुआ, जबकि गोदाम में प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि आग से किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ।

तड़का मारने के दौरान लगी आग

पहला मामला हजरतगंज के नाजा मार्केट स्थित कबीला रेस्टोरेंट का है। यहां दोपहर करीब 2.53 बजे किचन में आग लग गई। धुआं उठते देख अफरा-तफरी का महौल हो गया। सूचना पर हजरतगंज से फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि किचन में तड़का मारने के दौरान आग लग गई थी, इसमें किचन का कुछ सामान जलकर राख हो गया है। हालांकि, किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। बता दें कि रविवार को महानगर स्थित एक होटल के किचन में भी आग लग गई थी।

शार्ट सर्किट से लगी आग

वहीं, दूसरा मामला जानकीपुरम के सेक्टर-3 स्थित मकान नंबर 1117 का है। यहां पर आशीष अग्रवाल अपने परिवार के साथ रहते हैं और भवानी बाजार में प्लास्टिक का कारोबार करते हैं। उन्होंने अपने मकान के फस्र्ट फ्लोर को प्लास्टिक का सामान रखने का गोदाम बना रखा था। मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक उनके घर से धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर बीकेटी फायर स्टेशन से दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकीपुरम थाना प्रभारी बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आग में सामान जलकर राख हो गया है। शार्ट सर्किट के चलते बिजली की तारों में आग लगी थी।