- तेंदुआ देखे जाने की खबर से स्थानीय निवासी दहशत में

LUCKNOW:गोसाईगंज के सीजी सिटी के मस्तेमऊ गांव में तेंदुआ होने की खबर से स्थानीय लोग दहशत में हैं। लोगों ने अंधेरा होते ही घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है और बच्चों को खेलने के लिए घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। वहीं युवा वर्ग के लोग भी समूह में ही खेतों की ओर जा रहे हैं। दूसरी ओर शुक्रवार को वन विभाग की टीम एरिया में आई और यहां का बारीक निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम के अधिकारियों का कहना है कि निगरानी के बाद जल्द यहां पिंजरा लगाया जाएगा।

चरवाहों ने देखा तेंदुआ

सीजी सिटी के पास मस्तेमऊ गांव में गुरुवार को कुछ चरवाहे जानवर चरा रहे थे। तभी उन्हें कुछ दूरी पर एक जंगली जानवर दिखाई दिया। चरवाहों के अनुसार यह जंगली जानवर तेंदुआ है। चरवाहों ने उसकी तस्वीर भी ली है। चरवाहों के अनुसार तेंदुआ कुछ देर तो खुले में घूमता रहा और इसके बाद वह तेजी से जंगल की ओर चला गया।

पिछले साल भी आया था तेंदुआ

स्थानीय निवासी रूमेश यादव, निखिल और ज्ञान सिंह के अनुसार पिछले साल में इस एरिया में तेंदुआ आया था। वन विभाग की टीम को इसकी जानकारी दी गई थी तो टीम ने यहां आकर पिंजरा लगाया था। बाद में इस एरिया में एक तेंदुआ पकड़ा भी गया था।

बाक्स

जल्द लगाया जाएगा पिंजरा

एरिया में तेंदुआ दिखाई देने की खबर मिलने पर शुक्रवार को वनाधिकारी मोहनलालगंज सत्येंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मस्तेमऊ गांव पहुंचे और टीम को तेंदुआ की तलाश में लगा दिया। हालांकि अभी बारिश और बड़ी-बड़ी घास होने के कारण उन्हें तेंदुआ के पग चिन्ह नहीं मिले हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसी जंगली जानवर की मौजूदगी का प्रमाण मिलते ही यहां पिंजरा लगाया जाएगा। फारेस्टर योगेश मिश्र ने बताया कि इस एरिया में पिछले साल भी तेंदुआ देखा गया था।