- विकास से जुड़े कार्यो में पारदर्शिता लाने के लिए ई पोर्टल डेवलप किया गया

- वार्डो में हो रहे या होने वाले सभी विकास कार्यो की जानकारी अपडेट होगी पोर्टल पर

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW

वार्डो में होने वाले विकास या हो रहे विकास कार्यो की फाइलें अब नगर निगम के कमरों में गुम नहीं होंगी। अब कोई भी व्यक्ति बेहद आसान तरीके से जान सकेगा कि वार्डो में हो रहे विकास या निर्माण कार्यो का स्टेटस क्या है और कार्य कब तक पूरे होंगे।

ई पोर्टल हुआ डेवलप

निर्माण व विकास कार्यो में पारदर्शिता लाने के लिए निगम प्रशासन की ओर से ई पोर्टल डेवलप किया गया है। जिसके माध्यम से हर एक विकास और निर्माण कार्य की फाइल को ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। ऑनलाइन अपडेशन के बाद किसी भी निर्माण या विकास कार्य से जुड़ी डिटेल जानकारी हासिल की जा सकेगी।

मैनुअल सिस्टम समाप्त

अभी तक नगर निगम में विकास या निर्माण कार्यो से जुड़ी फाइलें मैनुअल तरीके से विभागवार स्वीकृत की जाती थीं, जिससे कई बार पार्षद शिकायत करते थे कि उन्हें अपने वार्ड से जुड़े विकास कार्य की फाइल नहीं मिल रही है। कई बार सदन में भी पार्षदों की ओर से इस मुद्दे को उठाया गया था। अब ई पोर्टल सिस्टम शुरू होने के बाद मैनुअल सिस्टम पूरी तरह से समाप्त हो गया है।

विभागाध्यक्षों-जोनल की जिम्मेदारी

निगम प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि ई पोर्टल पर अपडेट होने वाले विकास या निर्माण कार्य की मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्षों और जोनल अधिकारियों की होगी।

ई पोर्टल के फायदे

1- विकास व निर्माण कार्यो की फाइलें हर कदम पर होंगी अपडेट

2- कोई भी फाइल लेटलतीफी का शिकार नहीं होगी

3- विकास से जुड़े कार्यो की अपडेटेड जानकारी तुरंत मिलेगी

4- नए सिस्टम से पारदर्शिता मजबूत होगी

5- विकास व निर्माण कार्य समय से पूरे होंगे

पोर्टल में मिलेगी जानकारी

1-विकास या निर्माण कार्य कब शुरू हुआ

2-कंपनी या एजेंसी का नाम

3-कार्य शुरू होने का समय

4-कार्य की समाप्ति का समय

5-कार्य का स्टेटस

विकास व निर्माण कार्यो से जुड़ी फाइलों में पारदर्शिता लाने के लिए ही ई पोर्टल की शुरुआत की गई है। इससे खासे सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त