लखनऊ (ब्यूरो)। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से 18 वा श्री गणेश महोत्सव का आयोजन 19 से 28 सितंबर तक झूलेलाल वाटिका हनुमान सेतु के पास किया जाएगा। संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि पंडाल बनाने के लिए कोलकाता के कारीगरों द्वारा पिछले करीब एक माह से तैयार किया जा रहा है। बप्पा के दरबार का मुख्य द्वार 72 फिट ऊंचा महलनुमा बन रहा है। बप्पा के पंडाल में दक्षिण भारतीय शिल्प की झलक दिखाई दिखेगी।

वाटरप्रूफ पंडाल हो रहा तैयार
अध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल ने बताया कि पंडाल करीब 12000 वर्ग फीट में वातानुकूलित वाटर प्रूफ तैयार किया जा रहा है। इस बार आम भक्तों श्रद्धालुओं का 10 करोड़ का बीमा और भगवान गणेश का 25 लाख रुपए का बीमा कराया गया है। बप्पा की मूर्ति 6 फीट की मुंबई के सिद्धिविनायक की तर्ज पर तैयार की गई है। रोजाना सुबह 10 से शाम 5बजे एवं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक तक मनौतियों के राजा के दर्शन होंगे।

पारंपरिक तौर पर होगा आयोजन
श्री गणेश उत्सव मंडल, चौक के संयोजन उमेश कुमार पाटिल ने बताया कि 19-25 सितंबर तक गणेश उत्सव पूरी तरह से पारंपरिक तौर पर मनाया जाएगा। सभी आयोजन श्री कल्लीजी मंदिर में होंगे। पंडाल किले के आकार का बनाया गया है। साथ ही पंडाल में महापुरुषों के बैनर लगाकर उनके बारे में युवाओं को बताया जाएगा। साथ ही पारंपरिक महाराष्ट्रियन वाद्य यंत्र मंगवाये गये हैं। वहीं, महाराष्ट्र समाज के विवेश जोशी ने बताया कि हम लोग ईको फ्रेंडली उत्सव मना रहे हैं। 18 सितंबर को बप्पा विराजमान होंगे। आयोजन पुराने आरटीओ के पास स्थित महाराष्ट्र भवन में होंगे।

दिखेगी राम मंदिर की झलक
मवैया में गणपत पूजा समिति की ओर से गणेश उत्सव का आयोजन गणपत पार्क में किया जाएगा। अध्यक्ष शिवा यादव के मुताबिक इसबार राम मंदिर का बैकग्राउंड बनवाया गया है। इसबार राम थीम पर आयोजन होगा। साथ में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रुद्राभिषेक के साथ भंडारा भी होगा। वहीं, गुलाब वाटिका गणेश पूजा समिति द्वारा अलीगंज में का राजा का आयोजन चंद्रशेखर पार्क में होगा। जहां सिद्धि विनायक वाली प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही सुंदरकांड और हनुमान जी की भी झांकी होगी। साथ ही खासतौर पर सेल्फ प्वाइंट बनाया गया है।