- कोरोना के बढ़ते मामलों को देख मुंबई से आने वालों पर रखी विशेष नजर

- होटल वालों को गूगल शीट पर देनी होगी रुकने वालों की पूरी जानकारी

LUCKNOW: महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए राजधानी में पहले से ही अलर्ट जारी किया जा चुका है। मुंबई से आने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं। वहीं होटल मालिकों से बाहर से आने वाले लोगों की डिटेल गूगल शीट पर रोज अपलोड करने को कहा गया है।

मुंबई से आने वालों की संख्या ज्यादा

सीएमओ डॉ। संजय भटनागर ने बताया कि यहां मुंबई से आने वालों की संख्या अधिक है। मुंबई में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए टीमों को मुंबई से आने वाली फ्लाइट, ट्रेन, बस आदि पर नजर रखने को कहा गया है। अगर किसी भी यात्री में लक्षण दिखाई देगा तो उसका सैंपल लेकर तुरंत जांच के लिए भेजा जाएगा।

बाक्स

गूगल शीट पर दें जानकारी

स्वास्थ्य विभाग ने सभी होटल मालिकों को गूगल शीट पर बाहर से आने वाले यात्रियों की जानकारी रोज अपलोड करने को कहा है। शाम को इस लिस्ट को रैपिड रिस्पांस टीम शेयर करती है और अगले दिन होटल में जाकर लोगों का सैंपल लेकर जांच की जाती है, ताकि अगर किसी में संक्रमण हो तो उसे वहीं रोका जा सके।

कोट

मुंबई से आने वालों को लेकर एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। होटल वालों को गूगल शीट पर जानकारी देने को कहा गया है।

डॉ। संजय भटनागर, सीएमओ