LUCKNOW NEWS: लखनऊ (ब्यूरो)। केंद्र सरकार और यूपी द्वारा भारत एवं नेपाल के मैत्रीपूर्ण सबंधों, पर्यटन एवं व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने के लिए काम किया जा रहा है। इसी क्रम में नेपालगंज से लखनऊ के लिए 5 तथा नेपालगंज से दिल्ली के लए 5 परिवहन सेवाएं उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा रोज चलाई जाएंगी। परिवहन निगम देवीपाटन क्षेत्र में रूपडीहा डिपो से दिल्ली एवं लखनऊ के लिए सीधी बस सेवाएं उपलब्ध कराएगा। यह जानकारी परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने दी।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
परिवहन मंत्री ने बताया कि उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के इस प्रयास से दोनों देशों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम के भव्य, दिव्य राम मंदिर का दर्शन करने प्रतिदिन आ रहे हैं। इसमें नेपाल के नागरिक भी शामिल हैं। इस सेवा का सर्वाधिक लाभ अयोध्या आने वालों को ही मिलेगा। वहीं, भारत से भी श्रद्धालु नेपाल स्थित जानकी मंदिर एवं अन्य तीर्थस्थलों पर जाकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी
नेपालगंज से दिल्ली और लखनऊ के लिए परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के लिए परमिट प्राप्त कर नेपाल राष्ट्र से प्रतिहस्ताक्षरित करा लिया गया है। इस नई सेवा के शुरू होने से दोनों देशों के बीच लोगों का आना-जाना बढ़ेगा। हर माह बड़ी संख्या में लोग यूपी से नेपाल जाते हैं। उनके लिए यह सेवा काफी कारगर साबित होगी। उत्तर प्रदेश से गर्मी के मौसम में बहुत अधिक संख्या में लोग नेपाल के पोखरा आदि स्थानों की सैर करने हर साल जाते हैं।