लखनऊ (ब्यूरो)। तालकटोरा के केतन विहार एरिया में मंगलवार को एक युवक ने अपनी पत्नी की बट्टे से कूच कर हत्या कर दी। उसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े बेटे ने बताया कि मम्मी फोन पर किसी दूसरे व्यक्ति से बात करती थीं। पापा मना करते थे।

दो महीने से घर में चल रहा था विवाद

केतन विहार में कुलवंत सिंह (43) अपने परिवार के साथ रहता था। उसके परिवार में पत्नी पुष्पा (38) दो बेटे शरद (17) और अनिरुद्ध (14) हैं। दोनों बेटे पढ़ते हैं और कुलवंत मकान बनाने का ठेका लेता था। पिछले करीब दो महीने से कुलवंत और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। झगड़े की वजह थी पुष्पा का किसी दूसरे आदमी से घंटों फोन पर बात करना। ऐसा करते पुष्पा को कई बार बड़े बेटे शरद और कुलवंत ने पकड़ा भी था। कुलवंत ने कई बार पुष्पा को समझाया भी, लेकिन वह मान नहीं रही थी। इसको लेकर कई बार मारपीट भी हो चुकी थी।

हत्या करने का बनाया प्लान

मंगलवार सुबह शरद और अनिरुद्ध पढऩे के लिए कोचिंग गए। तभी कुलवंत को मौका मिल गया। उसने घर में मसाला पीसने की लिए रखे सिल के बट्टे को उठाया और पुष्पा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से पुष्पा भी कुछ समझ नहीं पाई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

फांसी लगा कर दे दी जान

पत्नी की हत्या करने के बाद कुलवंत को कुछ समझ नहीं आ रहा था। साथ ही उसे जेल जाने का भी डर सताने लगा। इसके चलते उसने कुंडे पर फंदा बनाया और उसी पर लटक गया। उसकी भी मौत हो गई। दोपहर करीब 12 बजे शरद और अनिरुद्ध घर लौटे तो उन्हें गेट खुला मिला। जब दोनों अंदर गए तो कमरे में पुष्पा का शव पड़ा था। उसके चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था। पास में ही कुलवंत भी फांसी के फंदे पर लटका था। बेटे शरद ने कहा कि मुझे अंदाजा नहीं था कि पापा यह कदम उठा लेंगे।

बेटों का रो-रोकर बुरा हाल

कुलवंत के पत्नी की हत्या कर खुद फांसी लगाने की सूचना मिलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। घटना के बाद से उनके बेटों शरद और अनिरुद्ध का रो-रोकर बुरा हाल है। शरद ने बताया घर में कोई दिक्कत नहीं थी। अचानक एक फोन ने पूरे घर की शांति छीन ली। फोन पर मम्मी किससे बात करती थीं, इसकी जानकारी नहीं है।

पुलिस कॉल डिटेल खंगाल रही

इंस्पेक्टर रीकेश कुमार सिंह ने बताया कि कुलवंत ने पत्नी के किसी युवक से फोन पर बात करने पर यह कदम उठाया है। इसके चलते दोनों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही हैं। उस युवक के विषय में भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे पता चल सके कि उसकी कुलवंत से भी कोई बात तो नहीं हुई, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि पुष्पा के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।