- सिटी बस प्रबंधन मंडलायुक्त के सामने रखेगा यह प्रस्ताव

LUCKNOW: राजधानी की सड़कों पर दौड़ रही सिटी बसों में सफर करने से पहले टिकट जरूर ले। कहीं ऐसा ना हो कि चंद रुपयों बचाने के चक्कर में आप को जेब ढीली करनी पड़ जाए। इसका कारण यह है कि अब सिटी बस में बेटिकट यात्री मिलने पर उससे दस गुना जुर्माना वसूला जाएगा। सिटी बस प्रशासन के अनुसार इस प्रस्ताव को जल्द ही मंडलायुक्त के सामने भी रखा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।

सिटी बस प्रशासन के अनुसार सिटी बसों में औचक निरीक्षण के दौरान यदि कोई यात्री बेटिकट मिलता है तो उससे निर्धारित टिकट की राशि का दस गुना जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए दस दिन पहले ट्रायल भी किया गया जो सफल रहा। ट्रायल में कई बेटिकट यात्री पकड़े गए जिनसे दस गुना जुर्माना वसूला हुआ। सिटी बस के अधिकारियों के अनुसार सिर्फ यात्री नहीं परिचालकों को भी इसमें बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी यात्री ने धनराशि का भुगतान कर दिया है और उसे टिकट नहीं दिया गया है तो जुर्माने की राशि परिचालक से वसूली जाएगी।

सिटी बस प्रबंधन के एमडी ए रहमान ने बताया कि दिल्ली महानगर में चल रही सिटी बस सेवा में यह व्यवस्था लागू है। जल्द ही इसे यहां पर भी लागू किया जाएगा। इससे जहां सिटी बस प्रबंधन को फायदा होगा। बसों में लोग बेटिकट नहीं चलेंगे और सिटी बस प्रबंधन का राजस्व बढ़ेगा।