सरोजनीनगर में छात्र के किडनैपिंग की सूचना से रात भर मचा हड़कंप

- अलीगंज पुलिस ने बिना सूचना के वाहन चोरी के आरोप में युवक को उठाया था

LUCKNOW: कमिश्नरेट में गुडवर्क की होड़ में पुलिस को ही कई घंटे तक घनचक्कर बना दिया। गोंडा में एमबीबीएस स्टूडेंट की किडनैपिंग के बाद से पुलिस अपहरण की घटनाओं को लेकर बहुत सतर्क है। पुलिस के होश तब उड़ गये जब 26 जनवरी की रात सरोजनीनगर से हॉस्टल के एक छात्र की किडनैपिंग की सूचना चली। इस पर सरोजनी नगर पुलिस के साथ-साथ लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के भी होश उड़ गए। रात भर किडनैप छात्र का सुराग लगाने के लिए कई थाने की पुलिस जुटी रही। सुबह 4 बजे जब किडनैपिंग का सच सामने आया तो पुलिस ने अपना ही मत्था पकड़ लिया।

'पा जी' का कॉल आया और छात्र किडनैप

सरोजनीनगर के एक प्राइवेट हॉस्टल में अमेठी का छात्र अभिनव उपाध्याय रहता है। वह क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट खेलता है। उसके हॉस्टल के बाहर मंगलवार रात दस बजे एक काली स्कार्पियो खड़ी थी। उसी समय उसके मोबाइल पर एक कॉल आई और अभिनव ने कॉल रिसीव कर 'पा जी' कहकर संबोधित किया। वह कॉलर के कहने पर हॉस्टल के बाहर चला गया। उसके हॉस्टल में साथ रहने वाले साथियों ने अभिनव को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाते देख किडनैपिंग की सूचना सरोजनी नगर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और वह आनन फानन में मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच शुरू की। इस दौरान अभिनव के पैरेंट्स को भी इसकी जानकारी दी गई।

रात भर वायरलेस पर गूंजता रहा मैसेज

सरोजनीनगर में छात्र के किनडैपिंग और उसकी बरामदगी के लिए वायरलेस सेट पर रात भर मैसेज चलता रहा। सरोजनीनगर व अन्य थानों की पुलिस को बार्डर एरिया की घेराबंदी कर चेकिंग के निर्देश दिये गये। वहीं सरोजनीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने छात्र अभिनव का सुराग लगाने के लिए छानबीन शुरू की। अभिनव का सुराग लगाते लगाते पुलिस मडि़यांव में पहुंची तो पता चला कि वहां से भी एक युवक को इसी तरह कुछ लोग उठा ले गए।

सुबह चार बजे आया होश

सरोजनीनगर के साथ मडि़यांव के भी एक छात्र के लापता होने की सूचना पर पुलिस के होश उड़ गये। सर्विलांस टीम की मदद से दोनों का सुराग लगाते हुए पुलिस अलीगंज तक पहुंची। सुबह चार बजे अलीगंज पुलिस से संपर्क किया गया तो अलीगंज पुलिस ने बताया कि दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, लेकिन उनके नाम कंफर्म नहीं हैं। किडैनिंग के बारे में जब जानकारी दी गई तो अलीगंज पुलिस ने दोनों युवकों का नाम कंफर्म किया, जिसके बाद पुलिस की जान में जान आई। दोनों युवकों को एक वाहन चोरी के मामले में अलीगंज पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन वायरलेस पर सूचना चलने के बाद भी इसकी जानकारी आलाधिकारियों को नहीं दी गई थी। वहीं दोनों युवक अभी पुलिस की हिरासत में हैं।