लखनऊ (ब्यूरो)। महिला दिवस के मद्देनजर नगर निगम मुख्यालय स्थित त्रिलोक नाथ हाल में सदन बुलाया गया, जिसमें मुख्य रूप से महिला पार्षद उपस्थित रहीं। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने घोषणा करते हुए कहा कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटर में फर्स्ट पोजीशन लाने वाली छात्राओं को नगर निगम की ब्रांड एंबेसडर बनाया जाएगा। उनकी ओर से इसी तरह कई अन्य घोषणाएं भी की गईं।

सभी का वेलकम किया गया

बैठक का संचालन कर रहीं नगर निगम की मुख्य निर्धारण अधिकारी अंबी बिष्ट ने वर्तमान महापौर सुषमा खर्कवाल एवं निवर्तमान महापौर संयुक्ता भाटिया के साथ साथ वर्तमान महिला पार्षद व पूर्व महिला पार्षद का स्वागत अभिनंदन किया। इसके बाद महिलाओं की भूमिका को सराहा गया। सदन में नगर आयुक्त, महापौर एवं 44 निवर्तमान-वर्तमान महिला पार्षद उपस्थित रहीं। अध्यक्ष द्वारा निवर्तमान पार्षदों से अपने अनुभव साझा करने का अनुरोध किया गया। जिस पर पार्षदों ने अपने अपने अनुभवों को साझा करने के साथ-साथ किये गये कार्यों के बारे में भी बताया।

अपने सुझाव दिए

विशेष सदन में महिला पार्षदों ने शहर के विकास, स्वच्छता और सुंदरता के साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए अपने विशेष सुझाव रखे। महापौर ने कहा कि राजधानी की महिला पार्षद शहर के विकास के लिए हर संभव सहयोग कर रही हैैं। जब से नगर आयुक्त के रूप में इंद्रजीत सिंह ने कार्यभार संभाला है, निगम में तेजी से संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि हर साल 8 मार्च के दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का मकसद महिला सशक्तिकरण की तरफ कदम आगे बढ़ाना है। महिला सदन में प्रत्येक महिला पार्षद की बात, सुझाव और शिकायतों को सुनने के बाद महापौर और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से महिला पार्षदों को आश्वस्त किया कि उनके हर सुझाव और शिकायतों का निवारण हर हाल में किया जाएगा।

सदन में लिए गए निर्णय

-लखनऊ में पिंक टॉयलेट की पूर्व व्यवस्था को बदलते हुये आधुनिक तरीके से संचालित किये जाने का निर्णय लिया गया।

-लखनऊ की रहने वाली अंतरिक्ष वैज्ञानिक रितु करिधल (राकेट वूमेन) के नाम से लखनऊ की किसी एक सड़क या पार्क का नामकरण किये जाने का भी निर्णय लिया गया।

-सफाई की नई व्यवस्था में पार्षदों के साथ-साथ पत्रकारों से भी सहयोग प्रदान किये जाने की अपेक्षा की गई।

-नगर निगम लखनऊ में तैनात महापौर, नगर आयुक्त एवं चारों अपर नगर आयुक्तों से लाटरी के माध्यम से एक-एक वार्ड को गोद लेकर सफाई एवं विकास कार्य कराये जाने का निर्णय लिया गया।

-महिलाओं के लिये अलग से पार्किंग व महिला बाजार बनाये जाने को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। जिससे महिला बाजार में महिलायें दुकान खोलकर अपना रोजगार चला सकें।

-महिला सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह 6 बजे के स्थान पर 8 बजे से लगाई जाने संबंधी सुझाव रखा गया, जिससे उनके बच्चों की शिक्षा में किसी प्रकार का कोई व्यवधान न उत्पन्न हो।

कूड़े का ढेर देखने को नहीं मिलेगा

महापौर ने अगले 5 साल तक महिला सदन का आयोजन किये जाने का अश्वासन दिया। उनका कहना था कि अगले 6 महीने में शहर में कहीं भी कूड़े का ढेर देखने को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षदों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है साथ ही यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सीधे मुझसे संपर्क करके समस्या का निराकरण कराया जा सकता है। महिलाओं से रिलेटेड जो भी योजनाएं बनाई जा रही हैैं, उनकी हर स्तर पर मॉनीटरिंग भी कराई जाएगी, ताकि हर योजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।