- भाजपा के नये प्रदेश अध्यक्ष ने संभाला पदभार

- कार्यकर्ताओं से कहा, कम से कम 265 सीट जीतने का है लक्ष्य

- यूपी में गुंडागर्दी की सरकार, विकास के लिए समय नहीं

LUCKNOW: भारतीय जनता पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि यूपी विधानसभा भाजपा की हो चुकी है। सिर्फ मतदान बाकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, 'केन्द्रीय नेतृत्व ने मुझे कम से कम 265 सीटें और ज्यादा से ज्यादा 403 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। यूपी में परिवारवाद, जातिवाद की राजनीति करने वाले दलों को मालूम पड़ चुका है कि जनता क्या चाहती है। अब प्रदेश सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरने का समय आ चुका है क्योंकि गुंडागर्दी में लिप्त सरकार के पास विकास योजनाओं के लिए समय नहीं है.'

कोई भी मुकदमा आपराधिक नहीं

अपने मुकदमों के बारे में उन्होंने कहा कि ये मुकदमे आपराधिक नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के सम्मान की लड़ाई के दौरान हुए। उन्होंने प्रदेश सरकार को आगाह किया कि यदि भाजपा के किसी भी कार्यकर्ता को छेड़ा गया तो वे चुप नहीं बैठेंगे। कहा कि भाजपा को 2014 का इतिहास 2017 में दोहराना है। वहीं, अपना भाषण शुरु करने से पहले उन्होंने हरेक कार्यकर्ता को प्रणाम करते हुए कहा कि मैं उम्र और अनुभव में अभी छोटा हूं लेकिन वरिष्ठ नेताओं के आशीर्वाद से केन्द्रीय नेतृत्व के इरादों को पूरा करूंगा।

सपा में कोई कार्यकर्ता नहीं बन सकता मुख्यमंत्री

खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मुझे यह जिम्मेदारी दी जाएगी। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में भरोसा रखती है। सपा में कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री नहीं बन सकता। बसपा में कोई भी मायावती के खिलाफ नहीं बोल सकता। दरअसल, सपा और बसपा वनमैन शो पार्टी हैं। सिर्फ भाजपा में संभव है कि मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को इतना बड़ा सम्मान और जिम्मेदारी दी गई। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता दस-दस मायावती और मुलायम के बराबर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नारा दिया कि '2017 में जाइये सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइये कमल का फूल'।

प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन के दौरान मौर्य ने कई बार प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। कहा कि यूपी का हर नौजवान सरकारी भर्तियों में चल रहे भ्रष्टाचार से वाफिक है। बुंदेलखंड सूखे की मार झेल रहा है। केन्द्र सरकार ने बुंदेलखंड के लिए जो बजट दिया, उसे खर्च नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव का मुद्दा केवल विकास है। कोई मुझसे हजार बार भी पूछेगा तो भी मुद्दा विकास ही रहेगा। कहा कि भाजपा यूपी को बेरोजगार मुक्त प्रदेश बनाना चाहती है। इस दौरान उन्होंने कई केन्द्रीय योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे आम आदमी के जीवन में बदलाव आने लगा है।

चारबाग में भव्य स्वागत

इससे पहले चारबाग में मौर्य का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। रास्ते में उन्होंने कई जगहों पर महापुरुषों की मूर्ति का माल्यार्पण भी किया। रेलवे स्टेशन से पार्टी मुख्यालय पहुंचने में उन्हें दो घंटे से ज्यादा का समय लग गया। वहीं, कार्यक्रम के दौरान भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे। इनमें केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा, संतोष गंगवार, रामशंकर कठेरिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व यूपी प्रभारी ओम माथुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा। लक्ष्मीकांत बाजपेई, ओमप्रकाश सिंह, रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, विनय कटियार, डॉ। दिनेश शर्मा, सुरेश खन्ना, हदय नारायण दीक्षित, धर्मपाल सिंह, स्वतंत्र देव सिंह, कुसुम राय इत्यादि शामिल थे।

तीन बार कटी बिजली

कार्यक्रम के दौरान बिजली की आवाजाही बनी रही। मौर्य ने इस पर कहा कि जब से मैं आया हूं, तीन बार बिजली काटी जा चुकी है। केन्द्र सरकार तो बिजली देना चाहती है लेकिन यूपी सरकार के पास विकास कार्यो के लिए समय ही नहीं है।

मंच पर मची अफरा-तफरी

नए प्रदेश अध्यक्ष के आगमन के बाद मंच पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की संख्या बढ़ती चली गयी जिसकी वजह से उसका एक हिस्सा क्षतिग्रस्त भी हो गया। वहीं मुख्यालय में कम जगह होने की वजह से कार्यकर्ताओं का हुजूम भीतर नहीं पहुंच सका। इस दौरान कई बार भगदड़ की स्थिति दिखी।