- होटल व रिसार्ट में रही खूब भीड़

- लोगों ने गर्मजोशी के साथ कहा हैप्पी न्यू ईयर

- मंदिर और गुरुद्वारा में हुआ विशेष आयोजन

LUCKNOW: कोहरा और ठंडी हवा भी न्यू ईयर सेलिब्रेट करने वालों का हौसला कम नहीं कर सकी। लखनवाइट्स में मंगलवार को सेलिबे्रशन का जोश और जुनून देखते ही बन रहा था। सभी मस्ती और उमंग से सराबोर नजर आए। राजधानी के नामचीन होटल, रिजार्ट सहित हजरतगंज भी मस्ती के मतवालों से गुलजार रहा। वहीं मंदिरों और गुरुद्वारा में भी नववर्ष को लेकर विशेष आयोजन किये गये। पूरा शहर 12 बजते ही हैप्पी न्यू ईयर की शुभकामनाओं से गूंज उठा।

होटल-रिजार्ट में रही भीड़

राजधानी में साल की आखिरी रात कोहरे और सर्द हवा के आगोश में रही, लेकिन लखनवाइट्स का जोश और जुनून माहौल में गर्माहट भरने का काम कर रहा था। न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर राजधानी के ताजमहल होटल, रेनेसां होटल, पिकेडली, हयात, रमाडा प्लाजा, स्कार्पियो क्लब, क्लब मोमेंट्स सहित सभी फेमस होटल और रिजार्ट गेस्ट से खचाखच भरे रहे। न्यू ईयर का वेलकम करने के लिए सभी जगह शानदार डिनर के साथ डीजे नाइट, लाइव सिंगिंग, डांस का इंतजाम किया गया था, जहां हर कोई धमाकेदार म्यूजिक के बीच जमकर डांस करते हुये मस्ती में सराबोर रहा। लोगों ने फैमिली और फ्रेंडस के साथ जमकर इंज्वाय किया और रात के 12 बजते ही हर कोई एक दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर विश करता हुअा नजर आया।

गंज में दिखी मस्ती की लहर

राजधानी का दिल कहे जाने वाले हजरतगंज में भी हजारों की संख्या में लोग न्यू ईयर सेलिब्रेट करने पहुंचे हुये थे। पूरा हजरतगंज लोगों के शोरगुल से गुलजार हो उठा। गंज में सबसे ज्यादा यूथ की भीड़ नजर आई, जो अपने फ्रेंड्स के साथ नया साल का स्वागत करने के लिए पहुंचे हुये थे। लोग मस्ती में सराबोर होकर जमकर नाचते-गाते हुये नजर आये। इस दौरान अपनों के साथ फोटो और सेल्फी का जुनून देखते ही बन रहा था ताकि वह इन खूबसूरत पलों को हमेशा के लिए यादगार बनाया जा सकें। वहीं 12 बजते ही नये साल की शुरुआत होने पर सभी ने एक दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर विश किया।

मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़

नववर्ष के स्वागत के लिए राजधानी के मंदिरों और गुरुद्वारा में भी विशेष आयोजन किये गये। महाकाल मंदिर में जहां भव्य नीलकंठ श्रंगार के साथ महाआरती का आयोजन किया गया। वहीं मंगलवार का दिन होने के चलते हनुमान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ रही। लोगों ने सुबह जाकर नववर्ष के लिए सुख और शांति की कामना की।

सजा विशेष दीवान

ऐतिहासिक गुरुद्वारा नाका हिंडोला में नव वर्ष की पूर्व संध्या पर विशेष दीवान सजाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा भवन को रंगबिरंगी झालरों से बड़ी खूबसूरती से सजाया गया। माता गुजरी सत्संग सभा की सदस्याओं ने शबद कीर्तन गायन किया। उसके बाद ज्ञानी सुखदेव सिंह ने नव वर्ष पर कथा व्याख्यान किया। बीबी हरप्रीत कौर ने गुरमति विचारों द्वारा समूह संगत को निहाल किया। हजूरी रागी जत्था भाई राजिन्दर सिंह ने वाहेगुरु का नाम सिमरन के बाद समूह साध संगतों ने एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी।

वाहे गुरुजी का हुआ जाप

गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सत्संग सभा सदर में विशेष गुरमति समागम में रहिरास साहिब के पाठ के बाद हुजूरी रागी भाई नरिंदर सिंह द्वारा ईश्वर के मंगलाचरण के साथ शुरुआत हुई। गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी हरविंदर सिंह ने गुरु उपदेशों द्वारा मानवता का संदेश दिया। वहीं भाई मोहिंदर जीत सिंह खालसा द्वारा जाको हर रंग लागो इस जुग में, सो कहियत है सूरन का कीर्तन कर संगत को आत्मविभोर कर दिया। वीर दविंदर सिंह ने विहाग राग में गुर पूरै मेरी राख लई का कीर्तन कर संगत को निहाल कर दिया। संगत में गुरु के लंगर के साथ फ्री फूड स्टॉल लगाए गए। रात 12 बजे श्री वाहे गुरु जी का जाप एवं पुष्प वर्षा के साथ नव वर्ष का स्वागत किया गया।

फूलों की वर्षा हुई

ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब यहियागंज में विशेष दीवान सजाया गया। गुरुद्वारा सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी ने बताया कि डॉ। गुरमीत सिंह के संयोजन में गुरुद्वारा यहियागंज में विशेष दीवान में रागी भाई कुलदीप सिंह ने शबद कीर्तन गायन द्वारा संगतों को निहाल किया।