-शहर के मठ, मंदिरों में तैयारियां शुरू, कई जगह यज्ञ, हवन भी होंगे

-चौक के श्रीरामजानकी मंदिर में सुंदरकांड के साथ श्रीराम जप

रुष्टयहृह्रङ्ख : श्रीराम मंदिर के शिलान्यास के लिए रामनगरी अयोध्या सज-धज कर तैयार है तो लक्ष्मण नगरी लखनऊ में भी मंगलवार से चौपाइयों, श्लोक, मंत्रों से फिजा राममय हो गई। बुधवार को दीपों की रोशनी अलग ही प्रकाश से राजधानी को नहलाएगी। क्या मंदिर, क्या घर, चौराहे, मार्ग, हर जगह दीपोत्सव होगा।

जलेंगे रामनामी घी के दीपक

मनकामेश्वर मंदिर मठ में सोमवार से ही दीपकों में श्रीराम लिखना शुरू हो गया था। महंत देव्या गिरि ने बताया कि 501 रामनामी दीपक जलाए जाएंगे। मंदिर परिसर में 24 घंटे का श्रीराम जाप का आयोजन होगा। बुधवार को हवन यज्ञ के साथ दीपदान होगा। श्रद्धालुओं से भी घरों में 11 दीपक जलाने की अपील की है।

जगमग होंगे हनुमान मंदिर

शहर के हनुमान मंदिर भी जगमग होंगे। अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में एके तिवारी के संयोजन में मंगलवार शाम से दीप जलाए गए। बुधवार को भी दीप जलाए जाएंगे। हनुमान सेतु मंदिर के मुख्य पुजारी चंद्रकांत द्विवेदी ने बताया कि दीपदान के साथ ही मंदिर झालरों से सजाया गया है। हनुमान चालीसा पाठ के साथ श्रीराम जप भी होगा। तालकटोरा स्थित बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी शैलेंद्र द्विवेदी ने बताया कि मंदिर को झालरों से सजाया गया है। बुधवार को 1100 दीए जलाएंगे। सुंदरकांड पाठ और राम नाम का जाप करेंगे। कृष्णानगर के तुलसी मानस मंदिर परिसर में श्रीराम जप का आयोजन होगा। सदर में सुंदरकांड के बाद 250 किलो लड्डुओं का वितरण होगा। दोपहर 12 बजे वरदानी हनुमान मंदिर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।

ऐशबाग रामलीला मैदान में महायज्ञ

ऐशबाग रामलीला मैदान में 500 साल पहले गोस्वामी तुलसी दास ने रामलीला का मंचन शुरू किया था। यहां के तुलसी अखाड़े की मिट्टी अयोध्या भेजने के बाद अब परिसर में आयोजन होंगे। संयोजक आदित्य द्विवेदी ने बताया कि घी के 501 दीपक जलाए जाएंगे। आसपास के घरों से भी दीपक जलाने की अपील की गई है। बुधवार को महायज्ञ होगा।

सुंदरकांड पाठ के साथ दीपोत्सव

राजेंद्र नगर द्वितीय मार्ग स्थित महाकाल मंदिर में सुंदरकांड पाठ के साथ मंदिर को सजाया जा रहा है। व्यवस्थापक अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं को नहीं बुलाया गया है। मंदिर समिति के लोग सुंदरकांड के साथ ही बुधवार को 501 घी के दीपक जलाएंगे।

कुडि़याघर पर दीपदान

श्री शुभ संस्कार समिति के महामंत्री ऋद्धि किशोर गौड़ ने बताया कि शाम को कुडि़याघाट पर 2020 दीपक जलाकर आदि गंगा गोमती की आरती की जाएगी। चौक के ऐतिहासिक रानी कटरा के बड़ा शिवाला और चारों धाम मंदिर के श्रीराम दरबार को सजाया जाएगा। कोनेश्वर मंदिर, सिद्धनाथ मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर व शास्त्री नगर के दुर्गा मंदिरों में दीपोत्सव होगा। शास्त्रीनगर दुर्गा मंदिर के प्रबंधक राजेंद्र गोयल ने बताया कि मंदिर में सजावट की जाएगी।

आश्रम में होगा दीपदान

संत आसूदाराम शिव शांति आश्रम के पीठाधीश संत साईं चांडू महाराज के सानिध्य में आश्रम की मिट्टी के साथ ही चांदी का कलश अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज को दिया गया। उप्र ¨सधी अकादमी के उपाध्यक्ष नानक चंद लखमानी ने बुधवार को आश्रम में दीपोत्सव व दीपदान होगा।

चौक में बंटेंगे एक लाख दीपक

चौक के ठाकुरद्वारा और बानवाली गली में दीपदान और सुंदरकांड का पाठ मंगलवार से शुरू हो गया। संयोजक अनुराग मिश्रा ने बताया कि एक लाख दीपक बांटे जाएंगे। बंगलाबाजार के चंद्रिका देवी मंदिर और श्रीराम जानकी मंदिर में बुधवार को दीपदान होगा। संयोजक रमाशंकर द्विवेदी ने बताया कि लोगों से कोरोना संक्रमण के चलते मंदिर में न आने की अपील की गई है।